पत्रकार पर भड़कते हुए इंटरव्यू बीच में ही छोड़ कर भागे ट्रंप

Amanat Ansari 08 Jun 2026 03:24: AM 4 Mins
पत्रकार पर भड़कते हुए इंटरव्यू बीच में ही छोड़ कर भागे ट्रंप

Trump Interview: "चलो इसे यहीं खत्म करते हैं. क्योंकि मेरा धैर्य अब खत्म हो गया है. थैंक यू, डार्लिंग." इन शब्दों के साथ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने NBC न्यूज के साथ एक तनावपूर्ण इंटरव्यू बीच में ही छोड़ दिया. यह 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में धांधली के आरोपों पर हुई गर्मागर्म बहस के बाद हुआ, जिसमें मॉडरेटर क्रिस्टन वेल्कर बार-बार सबूत मांग रही थीं.

यह इंटरव्यू 'मीट द प्रेस' कार्यक्रम के लिए हो रहा था, जिसमें ट्रंप ने अमेरिकी चुनावों में धांधली होने के अपने आरोपों का बचाव किया. जब क्रिस्टन वेल्कर ने बार-बार 2020 के चुनाव और कैलिफोर्निया में वोट गिनती के बारे में सबूत मांगे तो बहस तेज होती गई. ट्रंप ने मीडिया पर जोरदार हमला बोलते हुए अपना माइक्रोफोन उतार दिया और इंटरव्यू छोड़कर चले गए.

2020 चुनाव धांधली पर तीखी बहस

ईरान के साथ युद्ध समाप्त करने वाले समझौते पर विस्तृत टिप्पणियों के बाद बहस शुरू हुई. इसके बाद क्रिस्टन वेल्कर ने ट्रंप से उनके प्रस्तावित 1.8 बिलियन डॉलर के एंटी-वेपनाइजेशन इनिशिएटिव के बारे में पूछा, जिसका मकसद पिछली सरकार द्वारा अनुचित रूप से निशाना बनाए गए लोगों को मुआवजा देना था. इस मुद्दे पर चर्चा करते हुए ट्रंप ने पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन और मीडिया पर तीखा हमला बोला.

ट्रंप ने कहा, "वेपनाइजेशन फंड लोगों का एक समूह बनाने वाला था, जिसे कोई भी चुन सकता था निष्पक्ष लोग, समझदार लोग और वे हर मामले को अलग-अलग देखेंगे." उन्होंने कहा, "अब मुझे नहीं पता वेपनाइजेशन फंड के साथ क्या होगा. मुझे यह आइडिया पसंद है क्योंकि लोग जैसे आप फेक डर्टी प्रेस, क्रुकेड प्रेस, मूर्ख बाइडेन जैसे लोग, जो यह नहीं जानते कि क्या हो रहा है, लेकिन जो लोग उसके चारों ओर थे, ओवल ऑफिस में उसके खूबसूरत रेजोल्यूट डेस्क के आसपास थे, उन्होंने लोगों की जिंदगियों को बर्बाद कर दिया. उन्होंने बेकसूर लोगों को जेल भेज दिया."

जवाब में वेल्कर ने कहा कि उनके कुछ आरोपों के समर्थन में कोई सबूत नहीं है. ट्रंप ने गुस्से भरे अंदाज में जवाब दिया. ट्रंप ने कहा, "मेरी बात सुनिए: बहुत बड़ा सबूत है." "सबूत के अलावा कुछ नहीं है. चुनाव में धांधली हुई थी. यह एक गंदा चुनाव था, और अभी यह कैलिफोर्निया में फिर हो रहा है." अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया कि कैलिफोर्निया में वोट गिनने में हो रही देरी इस बात का सबूत है कि प्रक्रिया में कुछ गड़बड़ है.

वोटिंग खत्म होने के कई दिन बाद भी राज्य में कई चुनावी दौड़ अभी भी अनिर्णीत थीं. वेल्कर ने तर्क दिया कि कैलिफोर्निया में चुनाव के दिन तक मेल किए गए बैलट बाद में भी पहुंचने पर गिने जाते हैं, जो अक्सर गिनती की अवधि बढ़ा देता है. ट्रंप ने इस व्याख्या को खारिज कर दिया.

उन्होंने कहा. "आप जानती हैं वे ऐसा क्यों कर रहे हैं? क्योंकि वे चुनाव में चोरी कर रहे हैं." जब वेल्कर ने पूछा कि क्या उनके पास इसका प्रमाण है, तो ट्रंप ने जवाब दिया, "मुझे बस देखना है. मुझे बस देखना है और सुनना है, और लोगों की बात सुननी है, फिर देखते हैं क्या होता है."

इंटरव्यू के दौरान तनाव बढ़ता गया

बहस जारी रहने के दौरान दोनों बार-बार उसी सवाल पर लौट रहे थे, क्या ट्रंप के आरोपों के समर्थन में सबूत मौजूद है. राष्ट्रपति ने उनसे पूछा कि क्या उन्हें लगता है कि कैलिफोर्निया की चुनाव प्रक्रिया उचित है. ट्रंपने पूछा, "क्या आपको यह उचित लगता है कि चुनाव हो जाए और कई दिन बाद भी विजेता का फैसला नहीं हो पाया?" वेल्कर ने जवाब दिया कि चुनाव अधिकारियों ने खुद गिनती की धीमी गति को स्वीकार किया है. इसके बाद ट्रंप ने मीडिया की आलोचना की.

उन्होंने कहा, "नहीं, वे क्रुकेड (भ्रष्ट) हैं. वे क्रुकेड हैं, ठीक वैसे ही जैसे आप क्रुकेड हैं. आपकी प्रेस क्रुकेड है और मीट द प्रेस क्रुकेड है," उन्होंने कहा.
वेल्कर ने जवाब देने की कोशिश की, "ईमानदारी से कहूं तो मैं क्रुकेड नहीं हूं, लेकिन..." ट्रंप ने उन्हें बीच में ही रोक दिया. उन्होने जवाब दिया, "सच में? तो फिर आप उनके हाथों का खेल बन रही हैं. आप या तो क्रुकेड हैं या मूर्ख."

इंटरव्यू अचानक खत्म

बहस कुछ मिनट और जारी रही, जिसमें ट्रंप ने प्रमुख टीवी नेटवर्कों पर पक्षपातपूर्ण कवरेज और चुनाव संबंधी Bias का आरोप लगाया. एक बार उन्होंने चुनाव प्रबंधन की बात करते हुए अमेरिका की तुलना तीसरी दुनिया के देश से की. उन्होने कहा, "आपके चुनाव क्रुकेड हैं और आप क्रुकेड हैं, मीट द प्रेस क्रुकेड है, ABC, CBS और CNN भी," ट्रंप ने कहा. "आप एकतरफा भ्रष्ट नेटवर्क हैं." कुछ देर बाद ट्रंप ने कहा कि उनका इंटरव्यू खत्म हो गया.

उन्होंने माइक्रोफोन उतारते हुए कहा, "चलो इसे यहीं खत्म करते हैं क्योंकि मेरा धैर्य अब खत्म हो गया है. थैंक यू, डार्लिंग." वेल्कर ने उन्हें रुकने और इंटरव्यू जारी रखने की अपील की और कहा कि वह इंटरव्यू के लिए विस्कॉन्सिन आई हैं. जवाब में ट्रंप ने कहा कि उन्होंने काफी समय तक सवालों के जवाब दिए हैं.

उन्होने कहा, "मैंने आपको काफी समय दे दिया है. आपको अपनी प्रेस को ठीक करना चाहिए क्योंकि एक देश कभी महान नहीं बन सकता अगर उसकी प्रेस बेईमान हो." इसके बाद वे उठे और चले गए, जिससे इंटरव्यू अचानक समाप्त हो गया.

Donald Trump Meet the Press Kristen Welker NBC News

Recent News