गर्भवती महिला को आंगनवाड़ी से मिले लड्डू के पैकेट में निकला मरा हुआ सांप! पूरे इलाके में हड़कंप

Amanat Ansari 07 Jun 2026 07:25: PM 1 Mins
गर्भवती महिला को आंगनवाड़ी से मिले लड्डू के पैकेट में निकला मरा हुआ सांप! पूरे इलाके में हड़कंप

पांढुर्णा: मध्य प्रदेश के पांढुर्णा जिले में आंगनवाड़ी केंद्र से बांटे जा रहे पोषण आहार की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. एक गर्भवती महिला को दिए गए लड्डू के पैकेट में मरा हुआ सांप मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. करघाट कमठी गांव की निवासी वच्छला बाई धुर्वे (गर्भवती) को आंगनवाड़ी केंद्र से पूरक पोषण आहार के रूप में लड्डुओं का पैकेट दिया गया था.

महिला पैकेट घर ले आई, लेकिन जब परिवार ने उसे खोला तो अंदर एक मरा हुआ सांप का बच्चा मिला. महिला ने लड्डू नहीं खाए, जिससे बड़ा हादसा टल गया. उधर घटना की सूचना मिलते ही गांव में नाराजगी फैल गई. ग्रामीणों ने गर्भवती महिलाओं और बच्चों के लिए दिए जाने वाले पोषण आहार की गुणवत्ता और सुरक्षा पर सवाल उठाए हैं.

उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और नियमित जांच की मांग की है. मामला सामने आते ही महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी उषा पांद्रे, पुलिस और नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे. संबंधित पैकेट को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है. पांढुर्णा के कार्यवाहक कलेक्टर अग्रिम कुमार ने पांच सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी है.

खाद्य नमूने को भोपाल के राज्य खाद्य परीक्षण केंद्र भेजा गया है. रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और धैर्य रखने की अपील की है. यह घटना आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से वितरित होने वाले पोषण आहार की गुणवत्ता जांच व्यवस्था पर फिर से सवालिया निशान लगा रही है.

Anganwadi News Snake in Food Packet Pregnant Woman Anganwadi Food Quality

Recent News