मुंगेर: बिहार के मुंगेर जिले में शादीशुदा जोड़े के बीच का विवाद इतना खतरनाक रूप ले लिया कि पत्नी ने पति के प्राइवेट पार्ट पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. घटना पूरबसराय थाना क्षेत्र के शाहजुबेर रोड की है, जहां इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.
क्या है घटना?
मोहम्मद फैसल अहमद नामक युवक की शादी 13 अप्रैल 2026 को भागलपुर की इशरत हसन उर्फ सानिया के साथ हुई थी. शादी के कुछ दिनों तक सब ठीक रहा, लेकिन बाद में दोनों के बीच लगातार झगड़े होने लगे. फैसल का आरोप है कि उसकी पत्नी सानिया का किसी दूसरे युवक से नाजायज संबंध है. इसी बात को लेकर दोनों में अक्सर मारपीट होती थी.
घटना वाले दिन भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ. इसी दौरान गुस्साई सानिया ने धारदार हथियार से फैसल के प्राइवेट पार्ट पर हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल फैसल को परिवार वालों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसके प्राइवेट पार्ट में चार टांके लगाए. हमला करने के बाद सानिया घर छोड़कर भाग गई.
बताया जा रहा है कि वह अपनी बेटी और घर के जेवर लेकर मायके चली गई है. फैसल के परिजनों ने सानिया के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. पूरबसराय थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस के अनुसार यह पति-पत्नी के आपसी विवाद का मामला है. पुलिस दोनों पक्षों की बात सुनकर जांच कर रही है.