अलीगढ़: यूपी के अलीगढ़ जिले में नरबलि की चौंकाने वाली कोशिश सामने आई है. कस्बा अकराबाद के मोहल्ला पिलखना में एक खंडहरनुमा पुराने मकान से 20 वर्षीय युवक को बेहोशी की हालत में बंधा हुआ मिला. उसके हाथ-पैर रस्सी से बंधे थे और पूरे शरीर व कपड़ों पर सिंदूर पोता हुआ था.
शिवकुमार नामक युवक शनिवार देर रात करीब 3 बजे शौच के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा. परिवार वालों ने सुबह उसकी तलाश शुरू की तो घर के सामने खड़े खंडहर में युवक बेहोश पड़ा मिला.
मौके पर पुलिस को रस्सी के टुकड़े, नारियल, नींबू, कलावा और सब्जी काटने वाला चाकू समेत तंत्र-मंत्र संबंधी सामग्री बरामद हुई है. पूरे माहौल को देखते हुए पुलिस नरबलि की कोशिश का मामला मान रही है. स्थानीय लोगों ने बताया कि युवक को देखकर रोंगटे खड़े हो गए.
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस पहुंची और युवक को सीएचसी अकराबाद में भर्ती कराया गया. फिलहाल युवक होश में नहीं आया है, इसलिए पूछताछ नहीं हो पाई है. पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है.