अजमेर में इजरायली महिला पर्यटक पर अश्लील फब्तियां कसना पड़ा भारी, पुलिस ने 4 मनचलों को दबोचा

Amanat Ansari 30 Sep 2026 10:22 AM 1 Mins
अजमेर में इजरायली महिला पर्यटक पर अश्लील फब्तियां कसना पड़ा भारी, पुलिस ने 4 मनचलों को दबोचा

अजमेर: राजस्थान के अजमेर जिले के किशनगढ़ स्थित प्रसिद्ध डंपिंग यार्ड में एक इजरायली महिला पर्यटक के साथ स्थानीय युवकों द्वारा अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणियां करने का मामला सामने आया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद अजमेर पुलिस ने स्वतः संज्ञान लिया और त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

अजमेर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला के अनुसार, महिला पर्यटक किशनगढ़ के सुरम्य डंपिंग यार्ड में वीडियो बना रही थीं, तभी कुछ युवकों ने पीछे से उन पर अनर्गल और अश्लील टिप्पणियां कीं. महिला ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया, जो देखते ही देखते इंटरनेट पर फैल गया. वीडियो वायरल होते ही एसपी के निर्देश पर गांधीनगर थाना पुलिस और साइबर टीम की मदद से विशेष टीम गठित की गई.

तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया जानकारी के आधार पर रामनेर रोड व गांधीनगर इलाके में छापेमारी कर चार स्थानीय युवकों को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद फरहान (25), मोहम्मद आसिम (21), फरहान (24) और अख्तर अली (22) के रूप में हुई है. पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपनी गलती स्वीकार की. पुलिस ने मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने कहा कि राजस्थान और अजमेर पुलिस पर्यटकों की सुरक्षा व सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है. किसी भी अमर्यादित हरकत या अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे. उन्होंने आम जनता और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया. यह घटना पर्यटन स्थल की छवि और ‘पधारो म्हारे देश’ की परंपरा को प्रभावित करने वाली मानी जा रही है, जिस पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है.

Recent News