तेल अवीव: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक फ्लाइट बुधवार को सऊदी अरब के ऊपर से गुजरते समय इमरजेंसी कोड भेजने के बाद डायवर्ट कर दी गई. विमान में करीब 180 यात्री सवार थे. फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, विमान ने पहले सामान्य इमरजेंसी कोड 7700 और फिर हाईजैकिंग का संकेत देने वाला कोड 7500 ट्रांसमिट किया.
इसके बाद इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सुरक्षा अधिकारियों के साथ आपातकालीन परामर्श किया. इजरायली वायुसेना के फाइटर जेट्स भी अलर्ट पर भेजे गए. एक इजरायली स्रोत के अनुसार, विमान सऊदी अरब में लैंड करने वाला था, जिसके बाद स्थिति स्पष्ट होनी थी. हालांकि, नेतन्याहू कार्यालय के प्रवक्ता ने कहा कि इसे हाईजैकिंग की घटना नहीं माना जा रहा.
बाद की रिपोर्ट्स में सामने आया कि कॉकपिट में दो पायलटों के बीच हिंसक झगड़े के कारण इमरजेंसी सिग्नल भेजा गया था. विमान ने ऊंचाई तेजी से कम की और रास्ता बदल लिया. इजरायली अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह हाईजैकिंग नहीं, बल्कि आंतरिक कर्मियों से जुड़ी घटना थी. विमान सऊदी अरब में सुरक्षित लैंड करने की उम्मीद थी. पूरी घटना की जांच चल रही है.