‘अमेरिकी आतंकी सेना’ का दूसरा सबमरीन जब्त! ईरान का हॉरमुज में बड़ा दावा

Amanat Ansari 27 Sep 2026 09:01 PM 1 Mins
‘अमेरिकी आतंकी सेना’ का दूसरा सबमरीन जब्त! ईरान का हॉरमुज में बड़ा दावा

तेहरान: ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) नौसेना ने रविवार को दावा किया है कि उसने होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिकी आर्मी का दूसरा उन्नत मानवरहित अंडरवाटर व्हीकल (Remus 600) जब्त कर लिया है. ईरानी राज्य प्रसारक IRIB के अनुसार, IRGC ने इसे “अमेरिकी आतंकी सेना” का दूसरा सबसरफेस (सबमरीन) बताया, जो जासूसी के मकसद से काम कर रहा था.

IRGC के बयान में कहा गया, “ईश्वर की मदद से IRGC नौसेना के सैनिकों ने खुफिया और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध क्षमताओं के साथ समन्वित व जटिल अभियान चलाकर अमेरिकी आतंकी सेना के एक उन्नत UAV को फंसा लिया, जो होर्मुज जलडमरूमध्य में जासूसी कर रहा था.” इसे Remus 600 नाम के बुद्धिमान और उन्नत सबमर्सिबल के रूप में पहचाना गया है. अब इसे विशेषज्ञों के हवाले कर दिया गया है ताकि इसमें मौजूद जानकारी निकाली जा सके.

IRGC ने दोहराया कि होर्मुज जलडमरूमध्य बंद है और वह अनधिकृत आवाजाही के खिलाफ “मजबूत और निर्दयी” कार्रवाई जारी रखेगा. बयान में कहा गया, “IRGC नौसेना दृढ़ता से घोषणा करती है कि होर्मुज जलडमरूमध्य बंद है और हम खतरनाक गतिविधियों तथा अनधिकृत ट्रैफिक के खिलाफ मजबूत कार्रवाई कर रहे हैं.”

यह दावा उस समय आया जब ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने कहा कि तेहरान पीछे नहीं हटेगा. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के सात दिन के युद्धविराम और होर्मुज फिर से खोलने के प्रस्ताव को खारिज कर दिया था. ईरानी सशस्त्र बलों के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल अबुलफजल शेकरची ने चेतावनी दी कि अमेरिकी होर्मुज के प्रबंधन में दखल न दें, वरना ईरानी बलों का “थप्पड़” लगेगा. उन्होंने कहा कि ईरान द्वारा निर्धारित मार्ग के बाहर गुजरने वाले किसी भी जहाज को सुरक्षा नहीं मिलेगी.

ईरान ने पहले युद्धविराम का रोडमैप पेश किया था, जिसमें अमेरिका से नौसैनिक नाकाबंदी हटाने, प्रतिबंधों में छूट और जमे हुए 12 अरब डॉलर जारी करने की मांग थी. बदले में होर्मुज खोलने और परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत शुरू करने की बात कही गई थी, लेकिन ट्रंप ने इसे ठुकरा दिया. क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ रहा है.

Recent News