नई दिल्ली: ईरान के भारत स्थित दूतावास ने मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र (UN) पर कटाक्ष करते हुए एक मजेदार मीम शेयर किया है. इसमें कहा गया है कि स्कूल की किताबों में UN को डॉक्टर स्ट्रेंज जैसा ताकतवर बताया जाता है, लेकिन हकीकत में वह शोले के ठाकुर की तरह शक्तिहीन है. मीम में दो पैनल हैं. पहले में मार्वल कैरेक्टर डॉक्टर स्ट्रेंज को कई हाथों वाला दिखाया गया है, जिस पर कैप्शन है, ''UN according to school books'' (स्कूल की किताबों के अनुसार संयुक्त राष्ट्र). यह दर्शाता है कि किताबों में UN को वैश्विक मुद्दों पर कार्रवाई करने में सक्षम शक्तिशाली संगठन के रूप में पेश किया जाता है.
दूसरे पैनल में 1975 की हिट फिल्म शोले के किरदार ठाकुर बलदेव सिंह (संजीव कुमार) को दिखाया गया है, जिनके हाथ गब्बर सिंह ने काट दिए थे. कैप्शन है, ''UN in reality'' (हकीकत में संयुक्त राष्ट्र). इससे यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि असल में यह संगठन प्रभावी कार्रवाई करने में असमर्थ और शक्तिहीन हो चुका है.
यह पोस्ट ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अरागची के बयान के कुछ दिनों बाद आई है. अरागची ने संयुक्त राष्ट्र पर अमेरिका और इजरायल द्वारा कथित तौर पर यूएन चार्टर के उल्लंघन के प्रति “उदासीनता” का आरोप लगाया था. न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र के दौरान अरागची ने महासचिव एंटोनियो गुटेरेस से मुलाकात की और मध्य पूर्व की स्थिति पर चर्चा की.
उन्होंने कहा कि ईरान संयुक्त राष्ट्र के संस्थापक सदस्य के रूप में संगठन से अंतरराष्ट्रीय कानून और चार्टर के उल्लंघन पर कार्रवाई की अपेक्षा करता है. ईरानी दूतावास अक्सर मीम्स के जरिए अमेरिका और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर निशाना साधते रहे हैं. दिलचस्प बात यह है कि ट्रंप भी संयुक्त राष्ट्र की आलोचना करते रहे हैं और इसे बड़े वैश्विक संघर्षों को सुलझाने में असमर्थ बताते हैं.