जहांगीर खान की रिहाई की मांग पर बवाल, पुलिस लाठीचार्ज से बचने के लिए तालाब में कूदे प्रदर्शनकारी

Global Bharat 16 Jun 2026 11:15: PM 1 Mins
जहांगीर खान की रिहाई की मांग पर बवाल, पुलिस लाठीचार्ज से बचने के लिए तालाब में कूदे प्रदर्शनकारी

कोलकाता : पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के फलता इलाके में तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेता जहांगीर खान की रिहाई की मांग को लेकर बड़ा प्रदर्शन देखने को मिला. स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर विरोध जताया, जिसके बाद हालात तनावपूर्ण हो गए. प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच टकराव के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया. कार्रवाई से बचने के लिए कई लोगों ने पास के तालाब में छलांग लगा दी, जिसका वीडियो भी चर्चा में है.

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि जहांगीर खान को कमर में रस्सी बांधकर सार्वजनिक रूप से घुमाना अपमानजनक है. इसी के विरोध में मल्लिकपुर के मामूदपुर, नौपुकुरिया और बोनहोगला समेत कई इलाकों में लोगों ने सड़कें जाम कर दीं. सूचना मिलने पर पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और भीड़ को हटाने का प्रयास किया.

बोनहोगला इलाके में प्रदर्शनकारी हटने को तैयार नहीं हुए, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने लाठीचार्ज किया. पुलिस कार्रवाई होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई. कई लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागे, जबकि कुछ प्रदर्शनकारी नजदीकी तालाब में कूद गए. घटना के बाद पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.

गौरतलब है कि फलता क्षेत्र में जहांगीर खान का मजबूत राजनीतिक प्रभाव माना जाता रहा है. 2026 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने TMC के टिकट पर चुनाव लड़ा था. चुनाव के दौरान उन पर मतदाताओं को डराने, ईवीएम में गड़बड़ी और हिंसा भड़काने जैसे गंभीर आरोप लगे थे. बाद में पुनर्मतदान से 48 घंटे पहले उन्होंने अपना नाम वापस ले लिया था. फिलहाल उनकी गिरफ्तारी को लेकर इलाके में राजनीतिक माहौल गर्म बना हुआ है.

Jahangir Khan Release Protest South 24 Parganas Violence Falta Police Lathicharge West Bengal Political News TMC Leader Jahangir Khan Controversy

Description of the author

Recent News