लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को जयंत चौधरी और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा. प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि राजनीतिक दलों और नेताओं का सम्मान केवल बयानों से नहीं, बल्कि चुनाव में दी जाने वाली सीटों से भी दिखाई देता है.
जयंत चौधरी को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा, देखिए सीटों से सम्मान बढ़ता है. हम तो कहेंगे कि बीजेपी सीटें बढ़ा दे. पीले गमछे वाले लोगों को भी बीजेपी सीटें ज्यादा दे. उन्होंने कहा कि अगर भारतीय जनता पार्टी वास्तव में पूर्व प्रधानमंत्री और किसान नेता चौधरी चरण सिंह का सम्मान करती है तो उसे विधानसभा चुनाव में जयंत चौधरी के दल को ज्यादा सीटें देनी चाहिए.
अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी को विधानसभा चुनाव में तीन और चार गुना सीटें देनी चाहिए. उनके इस बयान को 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले गठबंधन और सीट बंटवारे की संभावित राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है.
वहीं, सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर को लेकर भी अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधा. उन्होंने राजभर की राजनीतिक भूमिका और बीजेपी के साथ उनके गठबंधन को लेकर सवाल खड़े किए. अखिलेश के बयान से साफ है कि समाजवादी पार्टी अब 2027 के चुनाव से पहले एनडीए के सहयोगी दलों को लेकर भी बीजेपी पर लगातार हमला करने की रणनीति अपना रही है.
अखिलेश यादव के बयान में एक तरफ जयंत चौधरी को ज्यादा सीटें देने की बात कहकर बीजेपी पर तंज था, तो दूसरी तरफ सहयोगी दलों के सम्मान और हिस्सेदारी को लेकर बीजेपी की नीति पर सवाल उठाया गया. यूपी की राजनीति में 2027 का चुनाव नजदीक आने के साथ ही सीट बंटवारे और गठबंधन को लेकर सियासी बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं.