Jyoti Malhotra: हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। हर रोज ज्योति से जुड़े कई नए खुलासे हो रहे हैं, इसी कड़ी में अब ज्योति की चैट भी सामने आई है, जिसमें वो पाकिस्तानी हैंडलर के साथ कुछ कोडवर्ड में बात कर रही है. इस दौरान ज्योति ने कई ऐसे शब्दों का इस्तेमाल किया है जो जांच एजेंसियोंके संदेह के घेरे में आ गए हैं, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA), इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) और हरियाणा पुलिस की संयुक्त टीम इस मामले की जांच कर रही है। वह फिलहाल पांच दिन की पुलिस हिरासत में हैं।
व्हाट्सएप चैट से खुलासा
जांच एजेंसियों को ज्योति और ISI के हैंडलर अली हसन के बीच व्हाट्सएप चैट मिली है, जिसमें 'प्रोटोकॉल' और 'अंडरकवर एजेंट' जैसे शब्दों का प्रयोग हुआ है। एक संदेश में अली ने पूछा था, 'जब तुम अटारी बॉर्डर पर थीं तो किसे प्रोटोकॉल मिला?' जवाब में ज्योति ने कहा, 'मुझे नहीं मिला,' और फिर जोड़ा, 'वे इतने बेवकूफ नहीं थे।' इस बातचीत से एजेंसियों को शक है कि ISI उसे भारतीय एजेंटों की पहचान करने के लिए दिशा-निर्देश दे रही थी।
पाकिस्तान यात्रा और संदिग्ध संपर्क
ज्योति ने 2023 में 324वें वैसाखी पर्व के दौरान पाकिस्तान का दौरा किया था। वहीं से उसके संबंध पाक अधिकारियों से बनना शुरू हुए। जांच में पता चला है कि उसकी बातचीत पाक उच्चायोग के अधिकारी एहसान डार उर्फ दानिश से भी हुई थी, जिसे भारत ने हाल ही में 13 मई को 'persona non grata' घोषित किया है और देश से बाहर कर दिया है।
पहलगाम हमले का वीडियो
अप्रैल 2024 के पहलगाम आतंकी हमले के बाद उसका एक वीडियो भी चर्चा में आया था, जिसमें उसने हमले का दोष भारतीय सुरक्षा एजेंसियों पर मढ़ने की कोशिश की थी। इस वीडियो और उसकी गतिविधियों ने जांच एजेंसियों को और अधिक चौकन्ना कर दिया है।
जांच की दिशा
फिलहाल एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि ज्योति ने जानबूझकर ISI की मदद की या वह किसी बड़ी जासूसी साजिश का हिस्सा बनकर इस्तेमाल हुई। ज्योति से पूछताछ जारी है और उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 152 और आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।