कानपुर : उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक भावुक कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां घरेलू विवाद की शिकायत लेकर एक मुस्लिम महिला अपनी दो बेटियों के साथ डीएम कार्यालय पहुंची. महिला ने जनता दर्शन कार्यक्रम में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के सामने अपनी समस्या रखी और बताया कि पारिवारिक विवाद के दौरान विपक्षी पक्ष घर का सामान ले गया. मामले के दौरान सबसे भावुक पल तब आया जब महिला के साथ मौजूद बच्चियों ने डीएम को बताया कि आरोपियों ने उनका सामान ही नहीं, बल्कि उनकी गुल्लक भी तोड़ दी और उसमें जमा पैसे निकाल लिए.
बच्चियों ने मासूमियत से बताया कि वे लंबे समय से अपनी गुल्लक में पैसे जमा कर रही थीं ताकि भविष्य में स्कूल बैग और जरूरत का सामान खरीद सकें. यह सुनकर वहां मौजूद लोग भी भावुक हो गए. डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह बच्चियों की बात सुनकर खुद भावुक हो गए. उन्होंने तुरंत बच्चियों को अपने पास बुलाया और नई मिट्टी की गुल्लक खरीदवाकर दी.इतना ही नहीं, उन्होंने अपनी जेब से उसमें 1000 रुपये भी डलवाए, ताकि बच्चियां फिर से बचत शुरू कर सकें. साथ ही दोनों बच्चियों को नया स्कूल बैग भी भेंट किया गया.
जैसे ही बच्चियों को नई गुल्लक और बैग मिला, उनके चेहरे खिल उठे और माहौल खुशियों में बदल गया. डीएम ने बच्चियों को समझाया कि बचत करना अच्छी आदत है और उन्हें आगे भी पैसे जोड़ते रहना चाहिए. साथ ही, जिलाधिकारी ने महिला की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए संबंधित थाना प्रभारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए. यह घटना प्रशासन के मानवीय चेहरे को दिखाती है, जहां एक अधिकारी ने केवल शिकायत नहीं सुनी, बल्कि बच्चियों की भावनाओं को भी समझा.