अमेरिकी विशेषज्ञ का दावा: भारत ने 72 घंटे में पाकिस्तान के आसमान पर कर लिया था कब्जा

Amanat Ansari 07 May 2026 03:34: PM 2 Mins
अमेरिकी विशेषज्ञ का दावा: भारत ने 72 घंटे में पाकिस्तान के आसमान पर कर लिया था कब्जा

US Expert Claim Regarding Operation Sindoor: ऑपरेशन सिंदूर के एक साल बाद, अमेरिकी सैन्य विशेषज्ञ जॉन स्पेंसर ने कहा कि भारत ने संघर्ष शुरू होने के मात्र 72 घंटे के अंदर पाकिस्तान के ऊपर वायु श्रेष्ठता हासिल कर ली थी. उन्होंने इस अभियान को भारत की विकसित होती सैन्य क्षमताओं और एकीकृत युद्ध प्रणालियों का बड़ा प्रदर्शन बताया. मई 2025 के संघर्ष पर फिर से विश्लेषण करते हुए स्पेंसर ने कहा कि शुरुआती दिनों में वैश्विक मीडिया में मुख्य रूप से भारतीय विमानों के नुकसान की खबरें थीं और पाकिस्तान को ऊपरी हाथ मिलने का आभास दिया जा रहा था.

हालांकि, उन्होंने तर्क दिया कि समग्र अभियान में भारत ने युद्धक्षेत्र में पूरी तरह दबदबा बनाया और पाकिस्तान को युद्धविराम के लिए मजबूर कर दिया.
स्पेंसर ने लिखा, ''10 मई की सुबह तक भारत ने वायु श्रेष्ठता हासिल कर ली थी, जबकि पाकिस्तान अपने ऑपरेशन्स को जारी रखने में तेजी से असमर्थ हो रहा था.''

ऑपरेशन सिंदूर क्या है?

पिछले साल 7 मई की सुबह भारत ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया. यह पहलगाम आतंकी हमले (अप्रैल 2025) का जवाब था, जिसमें 26 लोगों की जान गई थी. भारतीय बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में 9 आतंकी कैंपों पर सटीक हवाई और मिसाइल हमले किए. जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े इन ठिकानों पर हमलों में कम से कम 100 आतंकवादी मारे गए. 10 मई को बातचीत के बाद शत्रुता समाप्त हो गई.

स्पेंसर ने क्या-क्या बताया?

स्पेंसर के अनुसार, शुरुआत में पाकिस्तान ने कुछ सामरिक सफलता हासिल की और उसने कई भारतीय विमानों को मार गिराया, जिसमें कम से कम एक राफेल और एक मिराज-2000 शामिल थे. लेकिन अगले दो दिनों में भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान की एयर डिफेंस नेटवर्क को निशाना बनाकर पूरी लड़ाई का रुख बदल दिया. भारतीय बलों ने इजरायली हारोप और हार्पी जैसे लॉइटरिंग मुनिशन्स का इस्तेमाल कर पाकिस्तान के कई रडार और मिसाइल साइटों (HQ-9 सहित) को नष्ट कर दिया. इससे पाकिस्तान की दुश्मन हमलों का पता लगाने और जवाब देने की क्षमता बुरी तरह प्रभावित हुई.

उन्होंने भारत के S-400 एयर डिफेंस सिस्टम की भी सराहना की, जिसने पाकिस्तानी विमानों को ऑपरेट करने के तरीके और जगह को बदलने पर मजबूर कर दिया. अभियान के दौरान पाकिस्तान के कई F-16 और JF-17 विमान भी नष्ट हुए.

10 मई को निर्णायक हमला

10 मई को भारत ने पाकिस्तान के अंदरूनी एयरबेस (नूर खान, मुरिद, सरगोधा और जैकबाबाद) पर दूर से मार करने वाली मिसाइलों से समन्वित हमले किए. इन हमलों में कमांड सेंटर, ड्रोन सुविधाएं, रडार और विमान बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया. दोपहर तक पाकिस्तान युद्धविराम की मांग कर रहा था. स्पेंसर का कहना है कि यह फैसला युद्धक्षेत्र की स्थिति के कारण था, न कि कूटनीतिक दबाव से.

उन्होंने भारत की एकीकृत एयर डिफेंस व्यवस्था की भी तारीफ की. पाकिस्तान के जवाबी ड्रोन और मिसाइल हमलों को भारत की लेयर्ड डिफेंस (आकाशतीर, इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर और एंटी-एयरक्राफ्ट गन) ने ज्यादातर रोक लिया या बेअसर कर दिया. जॉन स्पेंसर ने ऑपरेशन सिंदूर को आधुनिक भारतीय सैन्य रणनीति का defining moment बताया. उन्होंने कहा कि इस अभियान ने भारत की ड्रोन, सटीक हमले, एयर डिफेंस एकीकरण और नेटवर्क-सेंट्रीक वारफेयर में बढ़ती ताकत को साफ दिखाया.

Operation Sindoor John Spencer India Pakistan conflict air superiority

Recent News