अब संवाद से आगे साझेदारी तक पहुंचा अमेरिका-भारत अंतरिक्ष सहयोग, व्यावसायिक संबंधों का नया दौर शुरू

Global Bharat 16 Apr 2026 02:04: PM 5 Mins
अब संवाद से आगे साझेदारी तक पहुंचा अमेरिका-भारत अंतरिक्ष सहयोग, व्यावसायिक संबंधों का नया दौर शुरू

नई दिल्ली/वाशिंगटन: अमेरिका-भारत अंतरिक्ष सहयोग का एक नया चरण आकार ले रहा है, जो नीतिगत संवाद से कम और निजी क्षेत्र की सक्रियता से अधिक प्रेरित है. यह बदलाव बेंगलुरु में स्पष्ट रूप से दिखाई दिया, जहां दोनों देशों के नीति-निर्माता, उद्योग जगत के लीडर और उद्यमी व्यावसा​यिक अंतरिक्ष सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए एकत्र हुए. अमेरिकी कांसुलेट, चेन्नई द्वारा आयोजित और  यू.एस.-इंडिया स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप फोरम (यूएसआईएसपीएफ) के सहयोग से फरवरी 2026 में आयोजित अमेरिका-भारत स्पेस बिज़नेस फोरम में दोनों देशों से 200 से अधिक सरकारी और उद्योग प्रतिभागियों ने भाग लिया, जो व्यावसा​यिक संबंधों के विस्तार में गहरी रुचि को दर्शाता है.

यह फोरम भारत के लिए पहले अंतरिक्ष क्षेत्र को समर्पित अमेरिकी व्यापार मिशन का प्रमुख आयोजन भी था, जिसे अमेरिकी वाणिज्य विभाग और बिज़नेस काउंसिल फॉर इंटरनेशनल अंडरस्टैंडिंग द्वारा आयोजित किया गया था, जिसमें 14 प्रमुख अमेरिकी अंतरिक्ष कंपनियों के 23 वरिष्ठ अधिकारियों ने भारत का दौरा किया.

समन्वय से क्रियान्वयन तक

रणनीतिक समन्वय से व्यावसा​यिक क्रियान्वयन की ओर यह बदलाव उन लोगों के लिए पहले से ही स्पष्ट है जो इस जुड़ाव के केंद्र में काम कर रहे हैं.

राष्ट्रीय महासागरीय और वायुमंडलीय एडिमिनिस्ट्रेशन के स्पेस कॉमर्स कार्यालय में अंतरराष्ट्रीय संबंध विशेषज्ञ रोज़ क्रोशियर इस फोरम को नीतिगत गति और उद्योग की तीव्र वृद्धि दोनों के प्रति प्रतिक्रिया के रूप में देखती हैं.

“इस फोरम को प्रेरित करने वाले कई कारक थे, लेकिन दो विशेष रूप से महत्वपूर्ण हैं,” क्रोशियर कहती हैं, “भारत के निजी अंतरिक्ष इकोसिस्टम का तेज़ी से परिपक्व होना और अमेरिकी तथा भारतीय नेतृत्व के बीच अभूतपूर्व रणनीतिक समन्वय.” वह बताती हैं कि भारत का अंतरिक्ष स्टार्ट-अप इकोसिस्टम, जो अब 400 से अधिक कंपनियों का हो चुका है, ने सबऑर्बिटल लॉन्च और हाइपरस्पेक्ट्रल इमेजिंग जैसे क्षेत्रों में “ठोस उपलब्धियां” हासिल की हैं. उनके अनुसार, इन विकासों ने अमेरिकी निजी क्षेत्र को भारत को एक प्रमुख साझेदार के रूप में पहचानने के लिए प्रेरित किया है.

क्रोशियर इस प्रगति को व्यापक ट्रस्ट पहल के संदर्भ में रखती हैं, जो “दशकों से चले आ रहे सरकार-से-सरकार सहयोग से एक उत्पादक व्यावसा​यिक साझेदारी की ओर संक्रमण” को दर्शाती है. यदि उस ढांचे ने आधार तैयार किया, तो वह जोड़ती हैं, “यह फोरम व्यावसा​यिक उत्प्रेरक के रूप में कार्य करता है, जो नीतिगत अनुकूल परिस्थितियों को उद्योग की कार्रवाई और सीमा-पार निवेश में परिवर्तित करता है.”

यूएसआईएसपीएफ में भारत के लिए प्रबंध निदेशक निवेदिता मेहरा कहती हैं कि अमेरिका-भारत अंतरिक्ष संबंध अब नीतिगत संवाद से आगे बढ़ चुके हैं और क्रियान्वयन के लिए तैयार हैं. “कुछ वर्ष पहले, इस तरह की चर्चा मुख्य रूप से कॉन्फ्रेंस रूम और संयुक्त बयानों तक सीमित थी,” वह कहती हैं. “आज, हम संयुक्त मिशनों, साझा प्लेटफार्मों और वास्तविक व्यावसा​यिक साझेदारियों को आकार लेते हुए देख रहे हैं.”

मेहरा जोड़ती हैं कि यह फोरम “निवेश को खोलने, वाणिज्यिक जुड़ाव को विस्तार देने और आपूर्ति श्रृंखला एकीकरण के निर्माण के लिए एक उत्प्रेरक के रूप में कार्य करता है, जो दोनों देशों के लिए स्थायी आर्थिक मूल्य पैदा करता है.”

परस्पर पूरक शक्तियों का लाभ उठाना

क्रोशियर इस ​मिलन को “एक नए बाज़ार” के उद्भव के रूप में वर्णित करती हैं. अमेरिकी वाणिज्य मंत्रालय के असिटेंट सेक्रेटरी टेलर जॉर्डन के वक्तव्य का उल्लेख करते हुए वह कहती हैं, “हम अब केवल समानांतर अंतरिक्ष कार्यक्रमों वाले दो राष्ट्र नहीं हैं; हम दो ऐसे इकोसिस्टम हैं जो वैश्विक अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था को परिभाषित करने के लिए एक साथ बुने जा रहे हैं.”

अमेरिका उन्नत प्रौद्योगिकियां, गहरे वेंचर कैपिटल नेटवर्क और परिपक्व व्यावसा​यिक अंतरिक्ष इंफ्रास्ट्रक्चर प्रदान करता है. भारत, वह कहती हैं, गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान, विश्वस्तरीय किफायती इंजीनियरिंग और तेजी से बढ़ता विनिर्माण आधार प्रदान करता है. स्पेस बिज़नेस फोरम जैसी पहलें इन क्षमताओं के बीच पुल का काम करती हैं, जिससे प्रत्यक्ष सहयोग के अवसर पैदा होते हैं.

क्रोशियर बिज़नेस-टू-बिज़नेस मैचमेकिंग सत्रों को रेखांकित करती हैं, जहां 14 अमेरिकी कंपनियों के अधिकारियों ने भारत के स्टार्ट-अप्स के साथ संभावित सौदों और संयुक्त उपक्रमों पर चर्चा की. “भारतीय सरकार, विशेष रूप से इसरो और इन-स्पेस की भागीदारी शानदार रही,” वह कहती हैं, “जहां अंतरिक्ष व्यवसाय के लिए एक ‘सक्षम वातावरण’ बनाने पर चर्चा केंद्रित रही.”

मेहरा उद्योग के दृष्टिकोण से पूरक विचार प्रस्तुत करती हैं, और “दोनों पक्षों में वास्तविक तात्कालिकता और महत्वाकांक्षा की भावना” की ओर संकेत करती हैं. वह कहती हैं कि अमेरिकी कंपनियां भारत के विस्तारित निजी अंतरिक्ष इकोसिस्टम के साथ गंभीरता से जुड़ने के लिए तैयार होकर आईं, जबकि भारतीय कंपनियां तेजी से निर्यात के लिए तैयार हो रही हैं और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं में एकीकृत होने की दिशा में अग्रसर हैं. वह पृथ्वी अवलोकन, जियोस्पेशियल एनालिटिक्स, उपग्रह निर्माण और डाउनस्ट्रीम अनुप्रयोगों जैसे प्रमुख क्षेत्रों में मज़बूत मिलन की भी ओर इशारा करती हैं.

अवसर से क्रियान्वयन तक

जैसे-जैसे जुड़ाव गहरा होता जा रहा है, क्रोशियर और मेहरा दोनों व्यापारिक रणनीति को नियामक ढांचे के साथ समन्वित करने की आवश्यकता पर जोर देती हैं.

क्रोशियर कंपनियों को जल्दी कदम उठाने के लिए प्रोत्साहित करती हैं. “नीतिगत पूर्णता की प्रतीक्षा न करें; अभी से अपने संबंधों का निर्माण शुरू करें,” वह कहती हैं. बौद्धिक संपदा से जुड़े मुद्दों और निर्यात नियंत्रण के अंतर जैसी चुनौतियों को स्वीकार करते हुए, वह बताती हैं कि दोनों सरकारें उद्योग की जरूरतों के प्रति तेजी से उत्तरदायी हो रही हैं.

“जो कंपनियां अभी विश्वास, गुणवत्ता और अनुपालन मानकों के निर्माण में निवेश करती हैं, वे उभरते अवसरों का लाभ उठाने के लिए सबसे अच्छी स्थिति में होंगी,” मेहरा कहती हैं. वह उद्योग विकास को समर्थन देने में निरंतर संस्थागत जुड़ाव की भूमिका पर भी प्रकाश डालती हैं. सिविल स्पेस जॉइंट वर्किंग ग्रुप जैसे प्रयास द्विपक्षीय संवाद को आगे बढ़ाते रहते हैं, जबकि इंडस-एक्स और कॉम्पैक्ट जैसे ढांचे से नवप्रवतर्न संबंधों को मजबूत करने और निकट भविष्य में व्यावसा​यिक क्रियान्वयन को मदद की उम्मीद है.

अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था के भविष्य को आकार देना

आगे देखते हुए, अमेरिका-भारत अंतरिक्ष सहयोग का अगला चरण पैमाने, एकीकरण और मापनीय परिणामों द्वारा परिभाषित होगा.

क्रोशियर कहती हैं कि सार्थक प्रगति में “बेहतर एकीकृत आपूर्ति श्रृंखलाएं; समन्वित, स्पष्ट रूप से समझे जाने वाले और पूर्वानुमान हो सकने वाले नियम; और अंतरिक्ष में तथा पृथ्वी पर साझा अंतरिक्ष इंफ्रास्ट्रक्चर” शामिल होगी. वह जोड़ती हैं कि सफलता तब स्पष्ट होगी जब सीमा-पार सहयोग घरेलू प्रयासों के समान गति और दक्षता के साथ आगे बढ़ सकेगा.

मेहरा इस बात पर जोर देती हैं कि वैश्विक अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था का भविष्य सरकारों और उद्योग के बीच समन्वय पर निर्भर करेगा. “जब सरकारें और उद्योग एक साथ कदम बढ़ाते हैं, तो विस्तार संभव हो जाता है,” वह कहती हैं.

उनके दृष्टिकोण से, प्रगति का आकलन वैश्विक अंतरिक्ष आपूर्ति श्रृंखलाओं में भारतीय कंपनियों के एकीकरण की गहराई और ट्रस्ट, कॉम्पैक्ट और इंडस-एक्स जैसे ढांचों के ठोस परिणामों—जैसे संयुक्त उपक्रम, सह-विकसित प्रौद्योगिकियां और साझा इंफ्रास्ट्रक्चर—के माध्यम से कार्यान्वयन से किया जाएगा.

अमेरिका-भारत स्पेस बिज़नेस फोरम केवल एक संगम का क्षण नहीं दर्शाता; यह इस बात में बदलाव को चिह्नित करता है कि दोनों देश अंतरिक्ष क्षेत्र में कैसे जुड़ते हैं. जैसे-जैसे नीतिगत ढांचे परिपक्व होते हैं और उद्योग संबंध गहरे होते हैं, ध्यान तेजी, पैमाने और साझा परिणामों पर अधिक केंद्रित होता जा रहा है.

वास्तविक परीक्षा, जैसा कि क्रोशियर और मेहरा दोनों संकेत करती हैं, इस पर ​​निर्भर है कि आगे क्या होता है—विचार कितनी तेजी से निवेश में बदलते हैं और जुड़ाव कितनी जल्दी परिचालन परियोजनाओं में परिवर्तित होता है. गति अब केवल संभावना के बारे में नहीं है; यह क्रियान्वयन के बारे में है.

लेखक: ज़हूर हुसैन बट

सौजन्य: स्पैन

India USA India-US Space Cooperation India-US Agreements

Description of the author

Recent News