पटना: भोला सिंह को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. यह वही भोला सिंह है, जिस पर अनंत सिंह की हत्या की साजिश रचने का आरोप है. वह पिछले 11 साल से फरार चल रहा था और 12 गंभीर मामलों में वांछित था. सीबीआई ने सोमवार को गुजरात के सूरत से उसे पकड़ा. भोला सिंह मूल रूप से बिहार के पंडारक का रहने वाला है.
फरार होने के दौरान उसने अपना नाम बदल लिया था और अमित शर्मा के नाम से फर्जी आईडी कार्ड बनवाकर सूरत में छिपा हुआ था. उस पर कुल 12 मामले दर्ज हैं, जिनमें अपहरण, हत्या का प्रयास, हत्या, अवैध हथियार और विस्फोटक रखने जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं. इनमें से एक मामला कोलकाता के दो लोगों के अपहरण से जुड़ा है, जो साल 2014 से लापता हैं.
भोला सिंह पर 3 लाख रुपए का इनाम भी घोषित था. अनंत सिंह के साथ उसकी पुरानी दुश्मनी काफी चर्चित रही है. दोनों के बीच 2010 में दो करोड़ रुपये को लेकर विवाद शुरू हुआ था, जिसके बाद दोनों जानी दुश्मन बन गए. इस दुश्मनी में कई बार एक-दूसरे पर हमले की कोशिशें हुईं. अनंत सिंह की हत्या की प्लानिंग में भी भोला सिंह का नाम आया था.
इसके अलावा, भोला सिंह पर विवेका पहलवान के भाई संजय सिंह की 2008 में हुई हत्या का भी मुख्य आरोप है. 2021 में पंडारक में मुखिया प्रियरंजन कुमार उर्फ गोरेलाल, एएसआई राजेश कुमार और लाल बहादुर की हत्या के मामले में भी उसका नाम शामिल रहा है. पुलिस ने लंबे समय से उसकी तलाश की थी. अब उसे कोलकाता ले जाकर आगे की पूछताछ की जाएगी.