Zoho के श्रीधर वेम्बू ने तमिलनाडु में राष्ट्रपति शासन की मांग की, बहुमत नहीं जुटा पा रहे विजय

Amanat Ansari 07 May 2026 02:53: PM 1 Mins
Zoho के श्रीधर वेम्बू ने तमिलनाडु में राष्ट्रपति शासन की मांग की, बहुमत नहीं जुटा पा रहे विजय

President rule in Tamil Nadu: Zoho के सह-संस्थापक और चीफ साइंटिस्ट श्रीधर वेम्बु ने तमिलनाडु में सियासी गतिरोध को देखते हुए राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने और नए सिरे से चुनाव कराने की अपील की है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए वेम्बु ने कहा कि मौजूदा संख्याबल से कोई स्थिर सरकार बनने की संभावना नहीं दिख रही है. जो भी गठबंधन सरकार बनाएगा, वह विभिन्न दबावों के चलते लंबे समय तक टिक नहीं पाएगा.

उन्होंने लिखा, ''तमिलनाडु इससे बेहतर का हकदार है.'' उन्होंने सुझाव दिया कि राज्यपाल को राष्ट्रपति शासन लगाकर ताजा चुनाव कराने चाहिए. इस बार ''वोट के बदले नोट'' की घटनाओं पर सख्त नकेल कसी जाए. उनका मानना है कि अगर निष्पक्ष और स्वतंत्र तरीके से दोबारा चुनाव हुए तो विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) भारी बहुमत के साथ जीत हासिल कर सकती है. वेम्बु ने यह भी कहा कि अगर DMK और AIADMK, TVK को सत्ता से दूर रखना चाहते हैं तो दोनों पार्टियां मिलकर चुनाव लड़ें. वहीं भाजपा को अकेले लड़ना चाहिए, भले ही उसे एक भी सीट न मिले.

बता दें कि TVK ने 234 सीटों वाली तमिलनाडु विधानसभा में 108 सीटें जीती हैं, जो बहुमत (118) से 10 कम हैं. विजय दो सीटों से जीते हैं, इसलिए एक सीट छोड़ने पर उनके पास 107 विधायक रह जाएंगे. हालांकि कांग्रेस के 5 विधायकों ने TVK को समर्थन देने की घोषणा की है.

विजय बुधवार को राज्यपाल आर.वी. अर्लेकर से मिल चुके हैं, लेकिन अभी तक TVK बहुमत का स्पष्ट और आधिकारिक दावा पेश नहीं कर पाई है. राज्यपाल अभी पूरी तरह संतुष्ट नहीं दिख रहे हैं. यह बयान ऐसे समय में आया है जब TVK सरकार बनाने की कोशिश कर रही है और राजनीतिक अनिश्चितता बनी हुई है.

President Rule Tamil Nadu Tamil Nadu Government Formation Tamil Nadu Politics

Recent News