Weather Forecast: भीषण गर्मी के बीच देश के अलग-अलग हिस्सों में अचानक मौसम ने करवट ली है. कहीं तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है तो कई जगहों पर आंधी-तूफान ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. भारत मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों के लिए कई राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है.
IMD का प्रमुख अलर्ट
10 से 12 मई के बीच उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम फिर से बदलने वाला है. IMD के मुताबिक, 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. कुछ इलाकों में 70 kmph से 100 kmph तक की तेज आंधी का भी खतरा है. उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश व गरज-चमक की संभावना जताई गई है.
दिल्ली-NCR का मौसम?
राजधानी में गर्मी एक बार फिर बढ़ने लगी है. आज मौसम मुख्य रूप से साफ रहेगा, हालांकि कुछ इलाकों में हल्के बादल छा सकते हैं. अनुमानित तापमान अधिकतम 36°C और न्यूनतम 22°C के आसपास रह सकता है. 8 से 12 मई के बीच अधिकतम तापमान 36 से 40 डिग्री तक पहुंच सकता है. 10 मई के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसका असर देखना बाकी है. फिलहाल लू चलने की संभावना कम है.
उत्तर प्रदेश का मौसम
यूपी में मौसम फिर से बदल गया है. कानपुर समेत कई जिलों में सुबह से तूफानी बारिश शुरू हो चुकी है. 7 मई को राज्य के कई हिस्सों में 50-70 kmph की रफ्तार से हवाएं चलने, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है. लखनऊ, वाराणसी, मेरठ आदि में शाम को बूंदाबांदी के साथ आंधी आने की संभावना है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है.
बिहार का मौसम
7 से 10 मई के बीच बिहार में गरज-चमक, तेज हवाओं और भारी बारिश का दौर रह सकता है. पटना, गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर सहित कई जिलों में बारिश होने के साथ बिजली गिरने का भी खतरा है. उमस भरा मौसम रहेगा, लेकिन बारिश से तापमान में गिरावट आ सकती है.
उत्तराखंड का मौसम
7 और 8 मई को पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश संभव है. देहरादून, नैनीताल, पिथौरागढ़, चमोली आदि में मौसम सुहावना रहेगा, जबकि मैदानी इलाकों में हल्की गर्मी महसूस हो सकती है.
हिमाचल प्रदेश का मौसम
11-12 मई को पश्चिमी विक्षोभ के असर से शिमला, मनाली, धर्मशाला, सोलन समेत कई क्षेत्रों में बारिश और तेज हवाएं चलने की उम्मीद है. वहीं पूर्वी राजस्थान में हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि पश्चिमी भागों में गर्मी बढ़ेगी. 9 से 11 मई के बीच कुछ इलाकों में लू चलने का अलर्ट है. जयपुर, कोटा, उदयपुर में बादल और हवा रहेगी, वहीं जैसलमेर-बीकानेर में लू का असर ज्यादा रह सकता है.