कानपुर : उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से रिश्तों को हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. अकबरपुर थाना क्षेत्र में एक सास ने अपने ही दामाद को जीवनसाथी चुन लिया और दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली. इस घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और मामला सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है.
जानकारी के अनुसार, सास और दामाद के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे. दोनों एक-दूसरे को पसंद करते थे और आखिरकार परिवार तथा समाज की परवाह किए बिना साथ रहने का फैसला कर लिया. इसके बाद दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली. शादी के बाद उनका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें दोनों अपने रिश्ते को स्वीकार करते हुए लोगों से आशीर्वाद देने की अपील कर रहे हैं.
वायरल वीडियो में दोनों ने कहा कि उन्होंने अपनी मर्जी से विवाह किया है और अब वे पति-पत्नी के रूप में जीवन बिताना चाहते हैं. हालांकि, इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. कुछ लोग इसे व्यक्तिगत फैसला बता रहे हैं, जबकि कई लोग इस रिश्ते पर सवाल उठा रहे हैं.
गौरतलब है कि इससे पहले अलीगढ़ जिले में भी ऐसा ही एक मामला सामने आया था, वहां एक महिला अपनी बेटी के होने वाले पति के साथ घर छोड़कर चली गई थी. उस समय बेटी की शादी की लगभग सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और निमंत्रण पत्र भी बांटे जा चुके थे. बाद में महिला और उसका दामाद पुलिस स्टेशन पहुंचे और साथ रहने का फैसला किया. हालांकि करीब एक वर्ष बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था और मामला पुलिस तक पहुंच गया था.