शाहजहांपुर : उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरजपाल सिंह 'अम्मू' ने एक विवादित बयान देते हुए उत्तर प्रदेश की राजनीति में हलचल पैदा कर दी. उन्होंने घोषणा की कि करणी सेना आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश की 50 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी. इस दौरान उन्होंने भाजपा और उसके सहयोगी दलों पर भी तीखा हमला बोला.
सूरजपाल सिंह अम्मू ने कहा, "हम भाजपा के गुलाम नहीं हैं. यदि राजभर जैसे व्यक्ति को भाजपा मंत्री बना सकती है, तो क्या करणी सेना चुनाव नहीं लड़ सकती? हमारे पास भी जनसमर्थन है और हम अपनी ताकत के दम पर मैदान में उतरेंगे. उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है.
अम्मू ने दावा किया कि करणी सेना अब केवल सामाजिक संगठन नहीं रही, बल्कि राजनीतिक रूप से भी अपनी भूमिका निभाने के लिए तैयार है. उन्होंने कहा कि संगठन के कार्यकर्ता प्रदेशभर में सक्रिय हैं और कई सीटों पर मजबूत दावेदारी पेश करेंगे.
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार ने समाज के कई वर्गों की उपेक्षा की है, जिसके कारण लोगों में नाराजगी बढ़ रही है. करणी सेना का यह ऐलान ऐसे समय आया है जब उत्तर प्रदेश में राजनीतिक दल चुनावी तैयारियों में जुटे हुए हैं. अम्मू के बयान और 50 सीटों पर चुनाव लड़ने के ऐलान से प्रदेश की राजनीति में नई बहस छिड़ गई है.