मुंबई: टीवी इंडस्ट्री में एक बड़ा सदमा. लोकप्रिय अभिनेत्री संचिता उगले ने मात्र 30 वर्ष की उम्र में आत्महत्या कर ली. 14 जून 2026 की शाम नालासोपारा ईस्ट स्थित अपने घर में उन्हें फांसी की हालत में पाया गया. पुलिस के अनुसार, परिवार के सूचित करने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.
कौन थीं संचिता उगले?
संचिता महाराष्ट्र के संगमनेर से ताल्लुक रखती थीं. उन्होंने टीवी इंडस्ट्री में छोटे रोल्स से शुरुआत की और मेहनत के दम पर पहचान बनाई. उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता Zee TV के धारावाहिक कुमकुम भाग्य में ‘दिया टंडन’ के रोल से मिली. इसके अलावा उन्होंने वागले की दुनिया में रुचिता जेटली का किरदार निभाया और दिलवाली दुल्हा ले जाएगी में मुख्य नायिका ‘सुकून’ बनकर दर्शकों के दिलों में जगह बनाई.
फिल्मों में भी किया काम
टीवी के अलावा संचिता ने फिल्म छावा में युवा तारा रानी का रोल और Silence 2: The Night Owl Bar Shootout में भी अभिनय किया था. हाल ही में वे एक नए टीवी शो की मुख्य भूमिका के लिए तैयार हो रही थीं. निधन से कुछ घंटे पहले तक संचिता सोशल मीडिया पर एक्टिव थीं. उनके अचानक चले जाने से फैंस और टीवी इंडस्ट्री के लोग सदमे में हैं.
पुलिस की जांच जारी
कुछ समय पहले उन्होंने मेंटल हेल्थ और सोशल मीडिया के दबाव पर भी अपनी बात रखी थी. पुलिस मामले की जांच कर रही है. अभी तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद आगे की जानकारी सामने आने की उम्मीद है.