सलमान खान के कार पर हमले का प्लान, लॉरेंस ने रची थी साजिश, बाल-बाल बची जान

Global Bharat 01 Jun 2024 12:27: PM 2 Mins
सलमान खान के कार पर हमले का प्लान, लॉरेंस ने रची थी साजिश, बाल-बाल बची जान

सलमान के घर पर फायरिंग के बाद अब सीधा उनके कार पर हमले की साजिश को मुंबई पुलिस ने नाकाम कर दिया है. बता दें कि सलमान खान इन दिनों अनंत और राधिका की प्री वेडिंग सेरेमनी में शिरकत करने यूरोप गए हुए हैं. वहां से किस तारीख को उन्हें लौटना था ये सब लॉरेंस के गुर्गों को पता था. नवी मुंबई के पनवेल वाले फॉर्म हाउस पर सलमान की कार कब पहुंचेगी. कहां कैसे टारगेट सेट करना है पूरा प्लान लॉरेंस के गुर्गों ने तैयार कर लिया था. लेकिन वारदात को अंजाम दे पाते उससे पहले ही मुंबई पुलिस को भनक लग गई.

जानकारी मिली है कि इस वारदात को अंजाम देने के लिए पाकिस्तान से तीन खतरनाक हथियार AK-47, M-16 और AK-92 मंगवाए जाने थे, जिसके ऑर्डर दिए जा चुके थे. मतलब पाकिस्तान की मदद से सलमान से बदला लेने का लॉरेंस ने पूरा प्लान तैयार कर लिया था. पर ये प्लान मुंबई पुलिस के एक सिंघम ऑफिसर ने फेल कर दिया और एक साथ चारों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया.

चारों की पहचान धनंजय उर्फ अजय कश्यप, गौरव भाटिया उर्फ न्हाई, वासपी खान उर्फ वसीम चिकना और जीशान खान उर्फ जावेद खान के तौर पर हुई है. शुरुआती जांच में ये पता चला है कि ये चारों लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हैं और लॉरेंस ही इन्हें अलग-अलग टास्क देता था. इन चारों की गिरफ्तारी के बाद कई बड़े राज खुलने की उम्मीद है, लेकिन यहां से सवाल ये भी खड़े होते हैं कि क्या सलमान के घर से लेकर फॉर्म हाउस तक और देश से लेकर विदेश तक के दौरे की रेकी लॉरेंस कैसे करवा रहा है. क्या सलमान के करीब कोई बैठा है,जो लॉरेंस तक इसकी पल-पल की रिपोर्ट दे रहा है.

कार पर हमले की प्लानिंग फेल होने से पहले सलमान के घर गैलेक्सी अपार्टमेंट की दीवारों पर भी फायरिंग हुई थी, जिसके बाद कई लोगों ने कहा था कि लॉरेंस सलमान के काफी करीब पहुंच चुका है. लॉरेंस सलमान को ये मैसेज देना चाहता है कि अब भी नहीं माने तो फिर आगे क्या होगा.

ऐसी ख़बर है कि जिन चार आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा है इन्होंने फॉर्म हाउस और कई शूटिंग स्पाॅट्स की रेकी की थी. पुलिस को इनके मोबाइल से ऐसे कई विडियोज भी बरामद हुए हैं. इससे पहले बीते 14 अप्रैल को भी सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के सामने सुबह 5 बजे फायरिंग की गई थी. दो बाइक से आए हमलावरों ने 5 राउंड फायर किए थे. फायरिंग के वक्त सलमान अपने घर में ही थे. घटना के बाद सलमान के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी.

घटना वाले दिन ही सोशल मीडिया पर लॉरेंस के भाई अनमोल बिश्नोई ने इस वारदात की जिम्मेदारी ली थी. पुलिस ने हमले के दो दिनों बाद ही गुजरात से फायरिंग करने वाले दोनों आरोपी पकड़ लिए थे. शूटरों से हुई पूछताछ में भी दोनों ने लॉरेंस गैंग से ही इस काम के लिए सुपारी मिलने की बात कबूल की थी. मुंबई क्राइम ब्रांच ने बिश्नोई भाईयों को इस केस में आरोपी बनाया और अब वो लॉरेंस से पूछताछ की तैयारी कर रही है.

लॉरेंस फिलहाल गुजरात की साबरमती जेल में बंद है और वहीं से बैठकर सलमान को होश उड़ाने की साजिशें रच रहा है. बड़े-बड़े प्लान बना रहा है, पर मुंबई पुलिस के तेजतर्रार अधिकारी हर बार उससे एक कदम आगे नजर आ रहे हैं और उन्हें आगे नजर आना भी चाहिए क्योंकि सवाल एक सुपरस्टार की सुरक्षा का है. 

Recent News