नई दिल्ली: अमेरिका में धार्मिक नफरत की एक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यूटा के वैली फेयर मॉल में एक भारतीय मुस्लिम युवक को "क्या तुम मुसलमान हो?" पूछकर क्रूरता से चाकू मारा गया. हमलावर ने 15 बार चाकू भोंकने के बाद भी कहा कि वह मुसलमानों को मारना चाहता है. पीड़ित की पहचान सोहैल के रूप में हुई है, जो मॉल में कियोस्क पर काम कर रहा था.
सोमवार को यह हमला हुआ. गवाहों के अनुसार, हमलावर पिटर माइकल लार्सन (48) ने सबसे पहले सोहैल से पूछा कि वह कहां का है. सोहैल ने बताया कि वह भारत से है और उसका नाम सोहैल है. इसके बाद लार्सन ने पूछा, "क्या तुम मुसलमान हो?" जैसे ही सोहैल ने हां कहा, लार्सन ने चाकू निकालकर अंधाधुंध हमला शुरू कर दिया.
पुलिस के अनुसार, लार्सन ने बाद में कबूल किया कि उसने जानबूझकर मुसलमान होने के कारण सोहैल को निशाना बनाया. अदालती दस्तावेजों में कहा गया है कि वह "मुसलमानों को मारने का इरादा रखता है" और जनता के लिए गंभीर खतरा है. सोहैल के पूरे शरीर पर चाकू के घाव थे. वह खून से लथपथ था. आम नागरिकों ने तुरंत लार्सन को पकड़ लिया और जमीन पर दबोच लिया, जिससे पुलिस के पहुंचने तक हमलावर भाग नहीं सका.
सोहैल को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी कई सर्जरी हुई हैं. वह अभी भी खतरे से बाहर नहीं है. सोहैल परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य है. उसके दो छोटे बच्चे और पत्नी हैं. दोस्तों ने उसके इलाज के लिए GoFundMe कैंपेन शुरू किया है. लार्सन पर हत्या के प्रयास और खतरनाक हथियार के इस्तेमाल का मामला दर्ज किया गया है.
उसका आपराधिक इतिहास भी रहा है. 2022 में उसने अपने घर के बाहर आगजनी की थी और फायर फाइटर्स को गोली मारने की धमकी दी थी. यह घटना अमेरिका में बढ़ती इस्लामोफोबिया और मुस्लिम-विरोधी हमलों की श्रृंखला में नई कड़ी है. नागरिकों ने सोहैल की जान बचाने के लिए तुरंत हस्तक्षेप किया, जिसे "हीरोज" बताया जा रहा है.