बीजेपी जिलाध्यक्ष से भिड़ी महिला, बोली- ठाकुर हूँ... किसी के दबाव में झुकने वाली नहीं, आखिरी दम तक लड़ूंगी!

Global Bharat 15 Jul 2026 11:08: PM 1 Mins
बीजेपी जिलाध्यक्ष से भिड़ी महिला, बोली- ठाकुर हूँ... किसी के दबाव में झुकने वाली नहीं, आखिरी दम तक लड़ूंगी!

मऊ : उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में भाजपा जिला अध्यक्ष रामाश्रय मौर्य और एक परिवार के बीच चल रहा संपत्ति विवाद अब राजनीतिक बहस का विषय बन गया है. सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद मामला तेजी से चर्चा में है. वीडियो में एक महिला ने भाजपा जिला अध्यक्ष पर पद के दुरुपयोग का आरोप लगाया है, जबकि रामाश्रय मौर्य ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए इसे पारिवारिक जमीन विवाद करार दिया है.

वायरल वीडियो में महिला ने खुद को क्षत्रिय समाज की बेटी बताते हुए कहा कि वह किसी भी दबाव से डरने वाली नहीं है. महिला का आरोप है कि भाजपा जिला अध्यक्ष ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर उसके पति और देवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया. वीडियो में महिला की कुछ धमकी भरी टिप्पणियां भी सामने आई हैं, जिसके बाद मामला और अधिक चर्चा में आ गया.

दूसरी ओर, भाजपा जिला अध्यक्ष रामाश्रय मौर्य ने कहा कि विवाद गांव के एक परिवार के तीन भाइयों के बीच जमीन के बंटवारे से जुड़ा है. उनके अनुसार, एक भाई की मृत्यु के बाद उसकी बेटी ने अपनी हिस्सेदारी की जमीन उनके एक करीबी व्यक्ति को बेच दी, जिसके बाद विवाद गहरा गया. उन्होंने दावा किया कि पूरे मामले को राजनीतिक रंग देने की कोशिश की जा रही है.

रामाश्रय मौर्य ने यह भी आरोप लगाया कि उनके खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र भाषा, गाली-गलौज और आपत्तिजनक ऑडियो-वीडियो प्रसारित किए जा रहे हैं. इस संबंध में उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत दी है.

अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि भाजपा जिला अध्यक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. वायरल वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मामले की निष्पक्ष जांच जारी है.

Mau BJP District President Ramashray Maurya Mau Viral Video Property Dispute Mau UP Political News

Description of the author

Recent News