राजस्थान चम्बल की धरती पर पले-बढ़े और छात्र जीवन से राजनीति की पारी शुरू करने वाले कोटा के सांसद ओम बिड़ला लगातार दूसरी बार देश की सबसे बड़ी पंचायत के मुखिया यानी लोकसभा अध्यक्ष बनने के बाद शनिवार को पहली बार अपनी जन्म और कर्मभूमि पहुंचे. यहां कोटा वासियों ने महास्वागत-महाभिनंदन किया.

हिण्डौली में सुबह जब हेलिकॉप्टर उतरा तो कोटा-बूंदी सांसद ओम बिड़ला के स्वागत-अभिनंदन के लिए कारवां जुट गया. यहां से स्वागत का दौर शुरू हुआ जो शिक्षा नगरी की धरती पर प्रवेश करते ही महास्वागत-महाभिनंदन में तब्दील हो गया. बड़गांव से स्वागत के लिए सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंच गए. मानो ऐसा लग रहा था कि समूची शिक्षानगरी के लोग अपने लाडले के अभिनंदन के लिए पहुंच गए हैं.
सड़क के दोनों तरफ लोग फूल मालाएं लेकर खड़े थे. ढोल-नगाड़े बज रहे थे और शहनाइयों की गूंज से हर कोई प्रफुल्लित था. ज्यों ही काफिला पहुंचता, ओम बिड़ला का फूलों के हार से अभिनंदन करते. बिरला स्वागत-अभिनंदन से अभिभूत हो गए.

बता दें कि लगातार दूसरी बार लोकसभा अध्यक्ष बनन के बाद वे अपने संसदीय क्षेत्र की यात्रा पर आए थे. इस दौरान मंत्री हीरा लाग नागर, पूर्व मंत्री प्रभुलाल सैनी, पूर्व मंत्री बाबू लाल वर्मा सहित कई अन्य भाजपा नेता मौजूद थे. इन जन प्रतिनिधियों की मौजूदगी में ओम बिड़ला को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया.
इस दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने मीडिया से बातचीत भी की. उन्होंने कहा कि यहां की जनता के साथ रहकर मुझे बहुत कुछ सीखने को मिला है और मेरी कोशिश है कि जो भी जिम्मेदारी मिली है उसे पूरी तरीके से निभाऊं. उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में राजस्थान में विकास के नए आयाम स्थापित किए जाएंगे.