देवास: मध्य प्रदेश के देवास में पेट्रोल पंपों पर लंबी-लंबी कतारें लगी हुई हैं. लोगों को ईंधन भरवाने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है. इसी बीच एक युवक ने समय की कमी को देखते हुए अनोखा रास्ता अपनाया. राधागंज इलाके के रहने वाले गोपाल ठाकुर, जो निजी बैंक (एयू फाइनेंस) में काम करते हैं. सुबह ऑफिस जाने के लिए उन्होंने अपनी बुलेट बाइक निकाली, लेकिन पेट्रोल पंप पर लंबी लाइन देखकर बाइक घर पर ही छोड़ दी. बाइक में बचा हुआ पेट्रोल ऑफिस तक पहुंचने के लिए पर्याप्त नहीं था.
गोपाल ने घर से करीब चार किलोमीटर दूर जवाहर नगर स्थित अपने बैंक पहुंचने के लिए घोड़े का सहारा लिया. घोड़े पर सवार होकर वे सड़कों से गुजरते हुए बैंक पहुंचे और समय पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई. शहर की सड़कों पर घोड़े पर बैठे व्यक्ति को देखकर राहगीर हैरान रह गए. कई लोगों ने इस दृश्य को मोबाइल पर वीडियो में कैद कर लिया.
वीडियो तेजी के साथ सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. पेट्रोल की किल्लत की अफवाहों से परेशान लोगों के बीच गोपाल का यह तरीका काफी चर्चा में है. जहां दूसरे लोग लंबी लाइनों में खड़े हैं, वहीं इस युवक ने बिना देर किए अपने काम को निपटा लिया. सोशल मीडिया यूजर्स इस जुगाड़ की तारीफ कर रहे हैं और इसे स्मार्ट समाधान बता रहे हैं.
इधर, जिला प्रशासन ने स्थिति को सामान्य बताते हुए लोगों से घबराने की बजाय संयम रखने की अपील की है. कलेक्टर और एसपी ने पेट्रोल पंपों का दौरा भी किया और कहा कि पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, कोई कमी नहीं है. यह घटना दिखाती है कि मुश्किल वक्त में लोग अपनी सूझबूझ से नई राह निकाल लेते हैं, जो दूसरों के लिए भी प्रेरणा बन जाती है.