Trending News: पुणे के एक रेस्टोरेंट ने एलपीजी के बढ़ते दामों पर लोगों को हंसाते हुए एक अनोखा नोटिस लगा दिया है. इस नोटिस में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर बिना नाम लिए तंज कसा गया है. नोटिस की तस्वीर सोशल मीडिया पर जैसे ही वायरल हुई, लोग मजे लेने लगे और पोस्ट देखते ही देखते वायरल हो गया.
नोटिस में लिखा है, ''एक नारंगी बालों वाले मूर्ख व्यक्ति द्वारा शुरू किए गए हालिया युद्ध की वजह से कच्चे तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं. इसी कारण एलपीजी और प्लास्टिक की कीमतें भी बढ़ गई हैं. इसलिए नई दरें 21 मार्च से लागू हो रही हैं. कृपया सहयोग करें, वरना युद्ध रोकने में मदद करें.''
यह व्यंग्यात्मक संदेश मराठी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में लिखा गया है. सोशल मीडिया पर यह नोटिस तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों की हंसी छूट रही है. कई यूजर्स ने कमेंट करके कहा कि मराठी वर्जन पढ़कर तो और भी मजा आया.
वास्तव में यह नोटिस कोथरूड इलाके के बारवे दहीवड़ा नामक रेस्टोरेंट का है. छोटे-छोटे खाने की दुकानों पर एलपीजी की बढ़ती कीमतें और सप्लाई की दिक्कत अब आम समस्या बन गई है. पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव और युद्ध की आशंका के कारण कच्चे तेल के भाव बढ़े हैं, जिसका सीधा असर रसोई गैस पर पड़ रहा है.
रेस्टोरेंट मालिक ने इस मुश्किल को हास्य के साथ व्यक्त किया है. नोटिस देखकर लोग एक तरफ हंस रहे हैं तो दूसरी तरफ वैश्विक घटनाओं के असर को भी महसूस कर रहे हैं. उधर होर्मुज से अभी भी आवाजही न के बराबर है और ट्रंप अभी सिर्फ बातचीत करने की बात कर रहे हैं. ट्रंप ने भारत सहित कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों से बात भी की है, लेकिन अभी मसले का हल नहीं निकला है.