Ajit Pawar Plane Crash Incident: अजित पवार की बारामती में हुए प्लेन क्रैश मामले में एक नया और चौंकाने वाला विकास सामने आया है. उनके भतीजे रोहित पवार ने बेंगलुरु के हाई ग्राउंड पुलिस स्टेशन में जीरो एफआईआर दर्ज कराई है. इस शिकायत में 28 जनवरी 2026 को हुए विमान हादसे को महज तकनीकी खराबी या दुर्घटना नहीं, बल्कि एक बड़ी आपराधिक साजिश का नतीजा बताया गया है.
हादसा तब हुआ था जब मुंबई से उड़ान भरने वाला बॉम्बार्डियर लियरजेट-45 (VT-SSK) बारामती एयरपोर्ट के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस हादसे में विमान में सवार पांचों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जिनमें अजित पवार, पायलट सुमित कपूर, को-पायलट शंभवी पाठक, एयरलाइन स्टाफ पिंकी माली और पुलिस अधिकारी विदिप जाधव शामिल थे.
रोहित पवार की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 61, 103, 105, 106, 125, 238 और 336(2) के तहत मामला दर्ज किया है. शिकायत में मुख्य आरोप यह है कि विमान चलाने वाली कंपनी ने फ्लाइट रिकॉर्ड में गड़बड़ी की थी. आधिकारिक दस्तावेजों में विमान के उड़ान घंटे 4,915 बताए गए हैं, जबकि शिकायतकर्ता का दावा है कि असल में यह संख्या 8,000 घंटे से ज्यादा हो सकती है.
इसके अलावा, कम दृश्यता की स्थिति में विजुअल फ्लाइट रूल्स की अनदेखी करते हुए लैंडिंग की अनुमति देने का भी आरोप लगाया गया है. पायलट सुमित कपूर पर भी सवाल उठाए गए हैं, जिनके खिलाफ पहले शराब से जुड़े निलंबन के मामले सामने आ चुके थे. यह जीरो एफआईआर अब पूरे मामले की जांच की दिशा बदल सकती है और हादसे को लेकर नई जांच शुरू होने की संभावना है.