राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत बिगड़ी, लखनऊ रेफर

Amanat Ansari 21 Jan 2026 01:36: PM 1 Mins
राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत बिगड़ी, लखनऊ रेफर

लखनऊ: श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के प्रमुख और सम्मानित संत महंत नृत्य गोपाल दास की हालत अचानक गंभीर हो गई है. बुधवार को उन्हें सांस फूलने और छाती में भारीपन जैसी शिकायतें हुईं, जिसके बाद चिकित्सकों ने उन्हें तुरंत लखनऊ रेफर कर दिया.

मणिराम दास छावनी में उनके निवास पर डॉक्टरों की एक टीम ने जांच की, जिसमें मुख्य रूप से श्वसन संबंधी समस्या पाई गई. ठंड और कोहरे की वजह से परेशानी और बढ़ गई मानी जा रही है. उनकी उम्र (80+ वर्ष) और पुरानी स्वास्थ्य समस्याओं को ध्यान में रखते हुए किसी तरह की देरी नहीं की गई और उन्हें एम्बुलेंस से ग्रीन कॉरिडोर के जरिए लखनऊ भेजा जा रहा है.

मेदांता अस्पताल, लखनऊ में उनकी एडमिशन की सारी व्यवस्था पहले से कर ली गई है. क्रिटिकल केयर यूनिट की टीम को हाई अलर्ट पर रखा गया है और उनकी स्थिति की निरंतर मॉनिटरिंग हो रही है.

इस खबर से अयोध्या के संत-महंतों, राम भक्तों और देश-विदेश में फैले उनके भक्तों में गहरी चिंता व्याप्त है. हनुमानगढ़ी और अन्य प्रमुख मठों से उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की जा रही है. ट्रस्ट से जुड़े पदाधिकारी भी लगातार अपडेट ले रहे हैं.

यह कोई नई बात नहीं कि महंत जी स्वास्थ्य चुनौतियों से जूझ रहे हैं. पिछले कुछ वर्षों में वे कई बार मेदांता में जांच और उपचार के लिए गए हैं. उम्र के इस पड़ाव पर उनकी सेहत को लेकर हमेशा सतर्क रहना पड़ता है.

Mahant Nritya Gopal Das Ayodhya Lucknow News Hindi News

Recent News