एआईएमआईएम (AIMIM) चीफ असदुद्दीन ओवैसी महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में एक और सियासी दांव खेल दिया है. पार्टी ने औरंगाबाद सेंट्रल सीट से उम्मीदवार की घोषणा की है. AIMIM चीफ ओवैसी ने इसकी जानकारी शोसल मीडिया पर पोस्ट कर दी है. उन्होंने बताया कि इस सीट से नासेर सिद्दीकी को प्रत्याशी बनाया गया है. पिछले चुनाव में यहां से अविभाजित शिवसेना के प्रत्याशी जायसवाल प्रदीप ने जीत दर्ज की थी. वहीं 2019 में इस सीट पर AIMIM नेता इम्तियाज अली चुनाव जीतकर विधायक बने थे.
मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि AIMIM विदर्भ क्षेत्र में 27 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है, क्योंकि असदुद्दीन ओवैसी का लक्ष्य मुस्लिम और दलित वोट बैंक साधने की है. रिपोर्ट से पता चलता है कि विदर्भ के गोंदिया, वर्धा, नागपुर, अमरावती, बुलढाणा, यवतमाल, वाशिम और चंद्रपुर मुस्लिम-दलित बहुल क्षेत्र है. ऐसे में अगर AIMIM पार्टी यहां से चुनाव लड़ेगी तो महाविकास अघाड़ी के लिए मुश्किलें खड़ी हो सकती है.
इसी बीच AIMIM नेता शाहीद रंगूनवाला ने कहा कि अगर महाविकास अघाड़ी (MVA) यहां से मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट देती है तो हम अपने फैसले पर दोबारा विचार करेंगे. उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य मुस्लिम लीडरशिप को आगे बढ़ाना है. शाहीद ने कहा कि हम टिकट की मांग नहीं कर रहे हैं, लेकिन हम चाहते हैं कि कांग्रेस, एनसीपी और शिवसेना (UBT) यहां से मुस्लिमों को टिकट दें.
गौरतलब हो कि पिछले विधानसभा चुनाव में AIMIM ने महाराष्ट्र में 44 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी उतारी थी, लेकिन केवल दो ही सीट जीत पाए. पिछले बार के चुनाव में धुले सीट से शाह फारूक अनवर और मालेगांव सेंट्रल से मोहम्मद इस्माइल अब्दुल खालिक ने जीत दर्ज की थी. बता दें कि महाराष्ट्र में 20 नवंबर को एक चरण में चुनाव होने हैं. वहीं बीजेपी ने 21 अक्टूबर को 99 प्रत्याशियों की अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी थी.