मैनपुरी : उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में रिश्तों को लेकर ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी है. शहर कोतवाली क्षेत्र के खरगजीत नगर में करीब 45 वर्षीय पांच बच्चों की मां का अपनी बहन की बेटी के पति यानी रिश्ते में दामाद से प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है. दोनों अब एक-दूसरे के साथ रहने की इच्छा जाहिर कर रहे हैं, जबकि महिला के बच्चे और परिवार इस रिश्ते का विरोध कर रहे हैं.
जानकारी के मुताबिक महिला विधवा है और अपने पांच बच्चों के साथ रहती है. उसकी बहन भी इसी इलाके में रहती है। करीब दो साल पहले बहन की बेटी की शादी 26 वर्षीय युवक से हुई थी. शादी के बाद युवक का अपनी ससुराल के साथ-साथ महिला के घर भी आना-जाना होने लगा. इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने की बात सामने आई.
मामला तब खुलकर सामने आया, जब दोनों एक रिश्तेदारी में पहुंचे. इसकी जानकारी महिला के बच्चों और परिजनों को हुई तो मौके पर हंगामा शुरू हो गया. देखते ही देखते मामला चर्चा में आ गया और दोनों को लेकर परिवार के लोग पुलिस के पास पहुंचे. पुलिस ने स्थिति को शांत कराने की कोशिश की और दोनों पक्षों से बातचीत की.
सबसे ज्यादा हैरानी की बात यह रही कि परिवार के विरोध के बावजूद महिला और युवक अपने फैसले पर कायम नजर आए. मीडिया के सामने भी दोनों ने साथ रहने की इच्छा जाहिर की. युवक के बारे में बताया गया है कि वह महिला के साथ रहने और उसके बच्चों की जिम्मेदारी उठाने की बात कह रहा है. सोशल मीडिया पर भी इस मामले से जुड़ा वीडियो चर्चा में है, हालांकि वायरल वीडियो में किए गए सभी दावों की पुष्टि नहीं हुई है.