गोंडा : उत्तर प्रदेश के गोंडा पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री और अपना दल (एस) के नेता आशीष पटेल ने सियासी हलचल के बीच संजय निषाद और नेता प्रतिपक्ष की मुलाकात को लेकर बड़ा बयान दिया. संजय निषाद की नेता प्रतिपक्ष से मुलाकात पर सवाल पूछे जाने पर आशीष पटेल ने तंज कसते हुए कहा कि संजय निषाद अपने दर्द की दवा ढूंढ रहे हैं, उनके इस बयान को यूपी की मौजूदा सियासी गतिविधियों से जोड़कर देखा जा रहा है.
आशीष पटेल ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष हमारे साथी हैं और राजनीतिक जीवन में नेताओं की एक-दूसरे से मुलाकात होती रहती है. उन्होंने इस मुलाकात को लेकर किसी तरह की विशेष चिंता या परेशानी नहीं जताई. आशीष पटेल ने कहा कि संजय निषाद अगर किसी से मिल रहे हैं तो इसमें कोई असामान्य बात नहीं है. हालांकि, अपने अंदाज में उन्होंने मुलाकात को लेकर ‘दर्द की दवा’ वाला तंज जरूर कस दिया.
आशीष पटेल ने अपने और संजय निषाद के बीच अंतर बताते हुए कहा, संजय निषाद अपने दर्द की दवा ढूंढ रहे हैं, मुझे कोई दर्द नहीं है, इसलिए मैं दवा नहीं ढूंढ रहा हूं. उनके इस बयान के बाद यूपी की सियासत में गठबंधन सहयोगियों के बीच चल रही गतिविधियों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.
दरअसल, उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सभी प्रमुख राजनीतिक दल अपनी तैयारियों में जुटे हैं. ऐसे में अलग-अलग नेताओं की मुलाकातें और उनके बयान राजनीतिक नजरिए से चर्चा का विषय बन रहे हैं. संजय निषाद की नेता प्रतिपक्ष से मुलाकात को लेकर भी सियासी हलकों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं.