गोंडा : उत्तर प्रदेश के गोंडा के कैसरगंज से पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह एक बार फिर कानूनी विवाद में घिर गए हैं. बाबा रामदेव की कंपनी पतंजलि की ओर से उनके खिलाफ 50 करोड़ रुपये की मानहानि का मुकदमा दायर किया गया है. मामला पतंजलि के उत्पादों, खासकर देसी घी को लेकर बृजभूषण शरण सिंह की ओर से दिए गए कथित बयान से जुड़ा है. इस मामले में मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में मंगलवार, 15 सितंबर को सुनवाई हुई.
सुनवाई के दौरान बृजभूषण शरण सिंह के वकील ने अदालत से जवाब दाखिल करने के लिए अतिरिक्त समय मांगा. कोर्ट ने इस मांग को स्वीकार करते हुए मामले की अगली सुनवाई 18 सितंबर निर्धारित की है. अब अगली तारीख पर बृजभूषण पक्ष की ओर से मामले में अपना जवाब दाखिल किए जाने की उम्मीद है.
दरअसल, विवाद की जड़ साल 2022 में दिए गए बृजभूषण शरण सिंह के एक सार्वजनिक बयान को बताया जा रहा है. उस दौरान उन्होंने पतंजलि के देसी घी की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए उसे ‘नकली’ बताया था. उन्होंने लोगों से घर में गाय या भैंस पालने और अपना दूध व घी इस्तेमाल करने की अपील भी की थी.
बृजभूषण के इस बयान के बाद बाबा रामदेव और उनके बीच सार्वजनिक तौर पर विवाद सामने आया था. अब इसी विवाद से जुड़े आरोपों को लेकर पतंजलि की ओर से 50 करोड़ रुपये की मानहानि का दावा किया गया है.
फिलहाल हाईकोर्ट में मामले की सुनवाई जारी है और 18 सितंबर की तारीख अहम मानी जा रही है. उस दिन अदालत में बृजभूषण पक्ष की ओर से जवाब आने के बाद केस की आगे की कानूनी प्रक्रिया स्पष्ट हो सकती है.