इतिहास रचने वाली पहली महिला: CRPF की सबसे खतरनाक CoBRA यूनिट की कमान संभालेंगी IPS संजुक्ता पराशर

Amanat Ansari 16 Sep 2026 06:43 PM 1 Mins
इतिहास रचने वाली पहली महिला: CRPF की सबसे खतरनाक CoBRA यूनिट की कमान संभालेंगी IPS संजुक्ता पराशर

नई दिल्ली: केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की सबसे घातक जंगल युद्धक कमांडो यूनिट CoBRA (Commando Battalion for Resolute Action) की कमान पहली बार एक महिला अधिकारी के हाथों में आई है. असम-मेघालय कैडर की 2006 बैच की IPS अधिकारी संजुक्ता पराशर को इस स्पेशल फोर्स का इंस्पेक्टर जनरल (IG) नियुक्त किया गया है.

‘असम की आयरन लेडी’ के नाम से मशहूर संजुक्ता पराशर उग्रवाद विरोधी अभियानों में अपने साहस और नेतृत्व के लिए जानी जाती हैं. वे 1996 बैच के IPS अधिकारी दानिश राणा की जगह लेंगी. CRPF मुख्यालय ने हाल ही में यह आदेश जारी किया. पराशर ने अपने करियर की शुरुआत में बोडो और अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों से जुड़े संघर्षों को संभाला.

2013-14 में सोनितपुर की SP रहते हुए उन्होंने नेशनल डेमोक्रेटिक फ्रंट ऑफ बोडोलैंड (NDFB) के खिलाफ बड़े अभियान का नेतृत्व किया. इस कार्रवाई में 16 उग्रवादी मारे गए और 64 गिरफ्तार हुए. एक ऑपरेशन के दौरान AK-47 थामे उनकी तस्वीर वायरल होने के बाद उन्हें ‘आयरन लेडी ऑफ असम’ कहा जाने लगा. उन्हें जान से मारने की धमकियां भी मिली थीं.

उन्होंने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) में भी काम किया और आतंकवाद विरोधी कई महत्वपूर्ण जांचों में भूमिका निभाई. CoBRA की कमान संभालने से पहले वे असम पुलिस की CID प्रमुख थीं. CoBRA मुख्य रूप से छत्तीसगढ़ और झारखंड के घने जंगलों में नक्सल विरोधी अभियानों के लिए तैनात है. मणिपुर में भी इसकी दो बटालियन सक्रिय हैं.

यह नियुक्ति CRPF में महिला अधिकारियों को ऑपरेशनल और कॉम्बैट जिम्मेदारियां सौंपने की बढ़ती पहल का हिस्सा मानी जा रही है. हाल ही में कई महिला IPS अधिकारियों को जम्मू, नॉर्थ ईस्ट, राजस्थान और मध्य प्रदेश जैसे संवेदनशील सेक्टरों की कमान दी गई है.

IPS Sanjukta Parashar CRPF CoBRA unit Who is IPS Sanjukta Parashar

Recent News