UAE का बड़ा झटका: बिना वजह रद्द किए 4800 बांग्लादेशियों के वीजा, तारिक रहमान सरकार बेचैन

Amanat Ansari 16 Sep 2026 06:16 PM 1 Mins
UAE का बड़ा झटका: बिना वजह रद्द किए 4800 बांग्लादेशियों के वीजा, तारिक रहमान सरकार बेचैन

ढाका: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने बांग्लादेश को करारा झटका दिया है. वहां की सरकार ने करीब 4800 बांग्लादेशी नागरिकों के वीजा अचानक रद्द कर दिए हैं. कई लोग छुट्टी पर घर लौटे थे और अब वापस UAE नहीं जा पा रहे. कुछ तो अपने ही देश में फंस गए हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, जुलाई से वीजा रद्द होने की खबरें आने लगी थीं. प्रभावित लोगों का आरोप है कि उन्हें मिले ईमेल में कोई स्पष्ट वजह नहीं बताई गई कि वे अपनी नौकरी या कारोबार पर वापस क्यों नहीं लौट सकते.

अबू धाबी में बांग्लादेश दूतावास ने नागरिकों से अपील की थी कि अफवाहें न फैलाएं और आधिकारिक जानकारी का इंतजार करें. इस कदम से बांग्लादेश में भारी हलचल मच गई है. प्रभावित परिवार तारिक रहमान सरकार को घेर रहे हैं. 7 सितंबर को नेशनल प्रेस क्लब में करीब 350 बांग्लादेशी नागरिकों ने कार्यक्रम कर सरकार से समाधान की मांग की. उन्होंने 22 सितंबर तक का समय देते हुए पुनर्वास और वित्तीय सहायता समेत पांच सूत्रीय मांगें रखीं.

बांग्लादेश के प्रवासी कल्याण मंत्री नुरुल हक नूर ने स्वीकार किया कि 4000 से ज्यादा वीजा रद्द हो चुके हैं. बाद में यह आंकड़ा 4800 तक पहुंच गया. मंत्रालय का कहना है कि राजनयिक स्तर पर मामले को सुलझाने की कोशिशें जारी हैं. कई प्रभावित लोगों के वहां कारोबार और दुकानें भी हैं.

विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच UAE ने वीजा जांच कड़ी कर दी है. समय पर रिन्यूअल न कराने, कागजी खामियों और सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी सख्ती बरती जा रही है. अब बांग्लादेश सरकार इस मुद्दे पर UAE से बातचीत कर राहत दिलाने की कोशिश में जुटी हुई है.

United Arab Emirates UAE Bangladesh Bangladeshi visa cancellation Tariq Rahman

Recent News