गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को बुजुर्गों, बेसहारा महिलाओं और दिव्यांगजनों को बड़ी राहत देते हुए उनकी पेंशन की राशि बढ़ाने का ऐलान किया. साथ ही पेंशन योजना का दायरा भी बढ़ाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को इसका लाभ मिल सके. गोरखपुर के जंगल नकहा में कल्याण मंडपम के लोकार्पण समारोह में बोलते हुए सीएम योगी ने यह घोषणा की.
उन्होंने कहा कि सरकार वृद्धावस्था, निराश्रित महिला और दिव्यांग पेंशन की रकम व कवरेज दोनों बढ़ाएगी. मुख्यमंत्री ने युवाओं को रोजगार देने का वादा दोहराते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश में अब तक 9.50 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है. 19 सितंबर से 77 हजार पुलिस और होमगार्ड की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. हजारों शिक्षकों की भर्ती के आवेदन भी अखबारों में प्रकाशित हो चुके हैं.
उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार में नियुक्तियां पूरी तरह पारदर्शी तरीके से हो रही हैं, जबकि पहले ‘सैफई सिंडिकेट’ वसूली के लिए सक्रिय रहता था. सीएम योगी ने गोरखपुर के विकास का जिक्र करते हुए कांग्रेस और सपा सरकारों पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि पहले यहां इंसेफेलाइटिस से हर साल सैकड़ों बच्चों की मौत होती थी, लेकिन तत्कालीन मंत्री बीआरडी मेडिकल कॉलेज तक नहीं आते थे.
अब एम्स, बेहतर सड़कें, फ्लाईओवर और स्पोर्ट्स कॉलेज जैसी सुविधाओं से शहर की तस्वीर बदल गई है. गोरखपुर में 500 से अधिक उद्योग चल रहे हैं और करीब 50 हजार युवाओं को रोजगार मिला है. उन्होंने समाज को जाति और क्षेत्र के नाम पर बांटने वालों से सावधान रहने की अपील की और कहा कि एकता बनाए रखकर ही विकास की गति तेज रखी जा सकती है.