प्रयागराज: उत्तर प्रदेश में नौकरी की तलाश कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है. उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने मंगलवार शाम दो विज्ञापन जारी कर 15,000 से अधिक शिक्षक पदों पर भर्ती की घोषणा कर दी है. सहायक अध्यापक और प्रवक्ता (पीजीटी) के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया अब शुरू हो गई है.
सहायक अध्यापक भर्ती के तहत कुल 12,405 पद हैं. इनमें माध्यमिक शिक्षा विभाग के अशासकीय सहायता प्राप्त स्कूलों के 897 पद और बेसिक शिक्षा विभाग के शहरी क्षेत्रों के 11,508 पद शामिल हैं. वहीं प्रवक्ता संवर्ग में अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के 2,607 पदों के लिए विज्ञापन निकाला गया है.
आवेदन और परीक्षा की तारीखें
सहायक अध्यापक पदों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण बुधवार से शुरू हो जाएगा. शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर और आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 19 अक्टूबर तय की गई है. परीक्षा 3 और 4 दिसंबर को होगी. प्रवक्ता (पीजीटी) पदों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 18 सितंबर से शुरू होगा.
शुल्क जमा करने की आखिरी तारीख 17 अक्टूबर और संशोधन 21 अक्टूबर तक किया जा सकेगा. परीक्षा 15 और 16 दिसंबर को आयोजित की जाएगी.
आयोग ने सभी अभ्यर्थियों के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) अनिवार्य कर दिया है. विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट देख सकते हैं.
उत्तर प्रदेश बीटीसी शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल यादव ने कहा कि इस भर्ती में शिक्षामित्रों को कोई वेटेज नहीं दिया गया है, जबकि सुप्रीम कोर्ट के 2017 के आदेश के अनुसार उन्हें वरीयता मिलनी चाहिए. उन्होंने राज्य सरकार से इस पर विचार करने की मांग की है.