नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने पाकिस्तान से चलने वाले ‘शहजाद भट्टी नेटवर्क’ के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए उसे गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी UAPA के तहत आतंकवादी संगठन घोषित कर दिया है. बुधवार को गृह मंत्रालय ने यह ऐलान किया.
गृह मंत्रालय के अनुसार, यह नेटवर्क सीमा पार से हथियार, विस्फोटक और नशीले पदार्थों की तस्करी में लिप्त है. इसके अलावा यह युवाओं और छोटे अपराधियों को आतंकवाद की राह पर उकसाता है. संगठन देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, सांप्रदायिक सद्भाव और आंतरिक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा कर रहा है.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कार्यालय ने सोशल मीडिया पर आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति को आगे बढ़ाते हुए यह कदम उठाया गया है. यह सिंडिकेट नफरत फैलाने वाला डिजिटल कंटेंट भी प्रकाशित करता था और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए हिंसा व जासूसी का जाल फैलाता था. खासकर 18 से 30 साल के बेरोजगार युवाओं को निशाना बनाकर भर्ती करने की कोशिश की जाती थी.
गौरतलब है कि इस साल आजादी के जश्न से ठीक पहले सुरक्षा एजेंसियों ने 14 राज्यों में एक साथ बड़ी कार्रवाई करते हुए इस नेटवर्क के 200 से अधिक सदस्यों को गिरफ्तार किया था. अब इसे आधिकारिक रूप से आतंकी संगठन करार देकर सरकार ने इसकी गतिविधियों पर और सख्ती से नकेल कसने का रास्ता साफ कर दिया है.