नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में आयोजित 18वें ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन की हाई-प्रोफाइल सुरक्षा में बड़ी लापरवाही का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। वीवीआईपी मेहमानों की सुरक्षा के लिए एक पांच सितारा होटल की छत पर तैनात दिल्ली पुलिस के जवान को ड्यूटी के दौरान सोशल मीडिया रील बनाना भारी पड़ गया। स्नाइपर राइफल और हथियारों के साथ रील बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट करने का वीडियो वायरल होते ही विभाग में हड़कंप मच गया, जिसके बाद कांस्टेबल दीपक बांगर को तत्काल प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया गया है।
आरोपी कांस्टेबल दीपक बांगर दिल्ली पुलिस के नॉर्थवेस्ट जिले की फॉरेनर्स सेल में तैनात है। ब्रिक्स सम्मेलन के मद्देनजर उसे सेंट्रल दिल्ली के एक प्रमुख पांच सितारा होटल की छत पर 'ओवरवॉच टीम' में तैनात किया गया था। इस रणनीतिक टीम का मुख्य कार्य ऊंची इमारतों से स्नाइपर और स्पॉटर के रूप में चारों तरफ कड़ी निगरानी रखना होता है। लेकिन सुरक्षा के सबसे संवेदनशील मोर्चे पर तैनात यह जवान अपनी जिम्मेदारी भूलकर सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाने में मशगूल हो गया।
कांस्टेबल ने अपने निजी इंस्टाग्राम अकाउंट से कई क्लिप्स साझा की थीं। एक वीडियो में वह सादे कपड़ों में ब्रिक्स समिट का आधिकारिक पहचान पत्र (आईडी कार्ड) गले में लटकाए अपनी कमर पर लगी सर्विस पिस्टल को फ्लॉन्ट करता दिखा। वहीं, दूसरी क्लिप में वह स्नाइपर राइफल के स्कोप से निशाना साधते हुए नजर आया, जिसमें होटल की छत से आसपास का पूरा इलाका, रणनीतिक लोकेशन और दूसरी इमारतें साफ रिकॉर्ड हो गईं। एक अन्य वीडियो में छत पर तैनात अन्य जवानों और आधुनिक सुरक्षा उपकरणों को भी दिखाया गया था।
इंटरनेट पर वीडियो फैलते ही अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन की सुरक्षा व्यवस्था और स्नाइपर पोजिशन लीक होने को लेकर गंभीर सवाल खड़े होने लगे। मामला वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में आते ही त्वरित एक्शन लिया गया। पुलिस नेतृत्व ने कांस्टेबल दीपक बांगर को तुरंत ब्रिक्स सुरक्षा ड्यूटी से हटाकर सस्पेंड कर दिया और उसे उसके गृह जिले वापस भेज दिया। इसके साथ ही मामले में विभागीय जांच (डिपार्टमेंटल इन्क्वायरी) के आदेश दिए गए हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि सुरक्षा प्रोटोकॉल का यह गंभीर उल्लंघन कैसे और किसकी अनदेखी से हुआ।