Greater Noida West Hit And Run: गुरुग्राम के बाद ग्रेटर नोएडा में हिट एंड रन का मामला, CCTV में कैद हुईं दिल दहला देने वाली तस्वीरें

Rahul Jadaun 16 Sep 2026 01:01 PM 1 Mins
Greater Noida West Hit And Run: गुरुग्राम के बाद ग्रेटर नोएडा में हिट एंड रन का मामला, CCTV में कैद हुईं दिल दहला देने वाली तस्वीरें

ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा वेस्ट (नोएडा एक्सटेंशन) में तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाने का एक खौफनाक मामला सामने आया है। सड़क पार कर रहे एक युवक को अनियंत्रित कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक कई फीट हवा में उछलकर दूर जा गिरा, जबकि आरोपी चालक मौके से गाड़ी भगा ले गया। यह पूरी दर्दनाक घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

घटना बिसरख थाना क्षेत्र के व्यस्त एक मूर्ति गोलचक्कर के पास 5 सितंबर की भोर करीब 4:30 बजे हुई। वैदपुरा एक्सटेंशन विला के निवासी हिमांशु राय अपनी पत्नी के साथ वहां केक खरीदने गए थे। पत्नी कार के भीतर ही उनका इंतजार कर रही थी, जबकि हिमांशु सड़क पार करके केक लेकर वापस अपनी गाड़ी की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रही एक टाटा पंच कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। पत्नी की आंखों के सामने हुए इस अचानक हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

हादसे में हिमांशु गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार, टक्कर के चलते उनकी रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई है, जिसका बड़ा ऑपरेशन करना पड़ा। इसके अलावा उनके बाएं पैर में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है और दाहिना हाथ भी बुरी तरह चोटिल हुआ है। वह फिलहाल अस्पताल में उपचाराधीन हैं।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। बिसरख थाना प्रभारी रंजीत सिंह ने बताया कि पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद दुर्घटना में शामिल टाटा पंच कार की शिनाख्त की गई। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार करते हुए दुर्घटनाग्रस्त कार भी जब्त कर ली है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

#GreaterNoidaWest #HitAndRun #NoidaExtension #CCTVViral #RoadAccident #BisrakhPolice #UPPolice #CrimeNews

Recent News