फिरोजाबाद (सिरसागंज): उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है. गांव गुरैया सोहेलपुर की एक महिला ने सोते समय अपने पति का गला दबाकर हत्या कर दी. हत्या के बाद वह दिन-रात रोकर मातम मनाने लगी, ताकि किसी को शक न हो. लेकिन परिवार वालों के संदेह और पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने तीन दिन बाद पूरा राज खोल दिया. पुलिस ने पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
घटना शुक्रवार की रात की है. मृतक शिवम उर्फ राहुल (पुत्र बलवीर सिंह) की घर पर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पत्नी प्रीति से मौत का कारण पूछा गया तो वह तरह-तरह के बहाने बनाती रही. पोस्टमार्टम में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई. इसके बाद मृतक की मां मुन्नी देवी ने पुत्रवधू प्रीति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया.
शादी को हुए थे 5 साल
प्रीति मूल रूप से इटावा जिले के गांव उदयपुरा की रहने वाली हैं. उनकी शादी पांच साल पहले शिवम से हुई थी. मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने प्रीति को शेरपुरा तिराहा से गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में प्रीति ने बताया कि पति शराब के नशे में आकर अक्सर मारपीट करता था. शुक्रवार शाम को भी वह शराब पीकर घर आया और विरोध करने पर उसने प्रीति को पीटा. रात में जब शिवम पहली मंजिल के कमरे में सो गया, तो प्रीति ने अपने हाथों से उसका गला घोंट कर हत्या कर दी.
थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि शराब पीने को लेकर पति-पत्नी में झगड़ा हुआ था. इसी गुस्से में पत्नी ने हत्या कर दी. हत्या के बाद प्रीति के चेहरे पर कोई शिकन नहीं थी. वह परिजनों के सामने रो-रोकर मातम मनाती रही, ताकि किसी को शक न हो. लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने सच उजागर कर दिया. आरोपी पत्नी को कोई पछतावा भी नहीं है. पुलिस ने प्रीति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. मामले की आगे की जांच जारी है.