25 सितंबर को मदुरै से सोने की अंगूठी बांटना शुरू करेंगे CM विजय, जानिए किसे मिलेगा फायदा

Rahul Jadaun 16 Sep 2026 11:27 AM 1 Mins
25 सितंबर को मदुरै से सोने की अंगूठी बांटना शुरू करेंगे CM विजय, जानिए किसे मिलेगा फायदा

चेन्नई: तमिलनाडु में नवजात बच्चों के लिए बहुप्रतीक्षित 'थाईमामन थंगा मोथिरम' (गोल्ड रिंग) योजना का शुभारंभ 25 सितंबर को होने जा रहा है। मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय अपने लंदन दौरे से लौटने के बाद मदुरै जिले के उसिलामपट्टी से आधिकारिक तौर पर इस महत्वाकांक्षी कल्याणकारी योजना की शुरुआत करेंगे। पहले यह योजना 15 सितंबर को शुरू होनी थी, लेकिन मुख्यमंत्री की ब्रिटेन यात्रा के चलते इसकी लॉन्चिंग तिथि आगे बढ़ानी पड़ी थी। अब राज्य सरकार ने इसके क्रियान्वयन की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

सरकार में मंत्री अरुणराज के अनुसार, इस योजना के अंतर्गत वितरित की जाने वाली सभी अंगूठियां 916-हॉलमार्क प्रमाणित (22 कैरेट) और 1 ग्राम वजन की होंगी। उद्घाटन के लिए उसिलामपट्टी को चुनने के पीछे गहरा सामाजिक और सांस्कृतिक कारण है। दक्षिणी तमिलनाडु के इस क्षेत्र में मामा और भांजे-भांजी के पारिवारिक रिश्ते का विशेष महत्व है, जिसे स्थानीय स्तर पर 'मामा फेस्टिवल' के रूप में भी मनाया जाता है। पारंपरिक रीति-रिवाजों में मामा द्वारा बहनों की बेटियों की शिक्षा और देखरेख में सक्रिय योगदान देने की मजबूत परंपरा है, जिसके सम्मान स्वरूप सरकार ने इस योजना की शुरुआत के लिए यह स्थल चुना है।

इस योजना का सीधा लाभ उन सभी नवजात बच्चों को मिलेगा, जिनका जन्म 22 जून 2026 के बाद राज्य के सरकारी अस्पतालों में हुआ है। तमिलनाडु सरकार ने चालू वित्तीय वर्ष के लिए इस पूरी योजना हेतु 755.83 करोड़ रुपये का भारी-भरकम बजट आवंटित किया है। योजना के पहले चरण के तहत 1,28,499 अंगूठियों के निर्माण का जिम्मा तमिलनाडु मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन ने प्रमुख ज्वेलरी रिटेल कंपनियों जॉयलुकास और कल्याण ज्वेलर्स को सौंपा है, जिसकी अनुमानित लागत लगभग 220 करोड़ रुपये है।

सोने की अंगूठी योजना से ठीक पहले, मुख्यमंत्री विजय 22 सितंबर को 'कामराज ब्रेकफास्ट स्कीम' की भी शुरुआत करेंगे। सरकार का प्राथमिक उद्देश्य संस्थागत प्रसव (सरकारी अस्पतालों में डिलीवरी) को बढ़ावा देना तथा मां और नवजात शिशु के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण को सुनिश्चित करना है।

#CMVijay #ThaimamanGoldRing #TamilNaduNews #Madurai #WelfareScheme #NewbornBabyScheme #KamarajBreakfastScheme #VijayGovernment

Recent News