मुरैना में बड़ा हादसा: आग की अफवाह पर ट्रेन से कूदे यात्री, दूसरी ट्रेन ने के नीचे आए, 4 की मौत 

Amanat Ansari 14 Jun 2026 10:15: PM 1 Mins
मुरैना में बड़ा हादसा: आग की अफवाह पर ट्रेन से कूदे यात्री, दूसरी ट्रेन ने के नीचे आए, 4 की मौत 

मुरैना: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में रविवार शाम एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया. खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह फैलते ही यात्रियों में भगदड़ मच गई. घबराए यात्री ट्रेन से नीचे कूद पड़े और दूसरी पटरी पर तेज रफ्तार से आ रही फिरोजपुर-सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आ गए.

इस हादसे में कम से कम 4 लोगों की मौत हो गई, जिनमें तीन महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं. कई अन्य यात्री घायल भी हुए हैं. घटना हेतमपुर रेलवे स्टेशन के पास शाम करीब 4:15 बजे हुई. रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन में किसी यात्री ने जनरल डिब्बे में अलार्म चेन खींच दी, जिससे ट्रेन रुक गई. इसी बीच आग लगने की अफवाह तेजी से फैल गई.

डर के मारे कई यात्री ट्रेन से उतरकर पास वाली पटरी पर पहुंच गए. ठीक उसी समय दूसरी एक्सप्रेस ट्रेन वहां से गुजर रही थी, जिसने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. रेलवे ने स्पष्ट किया है कि ट्रेन में आग लगने जैसी कोई घटना नहीं हुई थी. यह पूरी तरह से अफवाह पर आधारित अफरा-तफरी थी.

रेलवे, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं. घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया है. मृतकों की शिनाख्त का काम चल रहा है. उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल के अंतर्गत यह हादसा हुआ है. रेलवे अधिकारियों ने अपील की है कि ट्रेन रुकने पर बिना वजह नीचे न उतरें और अफवाहों पर ध्यान न दें. ऐसी स्थितियों में शांत रहना और ट्रेन के अंदर ही रहना सुरक्षित होता है.

Morena News Morena Accident Morena Train Train Accident

Recent News