तिरंगा यात्रा से पहले दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन, अभिजीत दीपके के बाद नेहा बोरा भी हिरासत में!

Amanat Ansari 16 Oct 2026 05:53 PM 1 Mins
तिरंगा यात्रा से पहले दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन, अभिजीत दीपके के बाद नेहा बोरा भी हिरासत में!

नई दिल्ली: ‘लेहरा दो तिरंगा’ यात्रा को लेकर दिल्ली पुलिस ने सख्ती दिखा दी. कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके को उनके आवास से हिरासत में लेने के कुछ देर बाद ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया. आज दोपहर अभिजीत दीपके जब कनॉट प्लेस में प्रस्तावित तिरंगा यात्रा में शामिल होने के लिए अपने झंडेवालान आवास से निकल रहे थे, तभी दिल्ली पुलिस ने उन्हें प्रिवेंटिव कस्टडी में ले लिया.

इससे पहले पुलिस ने उन्हें नोटिस थमाया था, जिसमें सेक्शन 163 (BNSS) के तहत कनॉट प्लेस क्षेत्र में लागू प्रतिबंधों का हवाला देते हुए यात्रा न निकालने को कहा गया था. पुलिस का कहना है कि NDMC ने अनुमति नहीं दी है और ट्रैफिक जाम, स्टांपइड तथा सार्वजनिक व्यवस्था बिगड़ने का खतरा है. इसके बाद AISA प्रमुख नेहा बोरा भी तिरंगा विरोध प्रदर्शन के दौरान मंडी हाउस के पास दिल्ली पुलिस की हिरासत में ले ली गईं. वे कनॉट प्लेस जा रही थीं.

मीडिया के अनुसार, नेहा बोरा को ‘लेहरा दो तिरंगा’ विरोध में शामिल होने के दौरान हिरासत में लिया गया. CJP ने कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में शाम 5 बजे तिरंगा लहराने का आह्वान किया था. पुलिस ने क्षेत्र में भारी सुरक्षा बल तैनात किया है. हजारों दिल्ली पुलिसकर्मी और CAPF कंपनियां तैनात की गई हैं. सेंट्रल पार्क को प्रशासनिक कारणों से बंद रखा गया है.

ये दोनों नेता पिछले कुछ दिनों से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शनों में सक्रिय रहे हैं. इससे पहले भी दोनों को कई बार हिरासत में लिया जा चुका है. पुलिस का दावा है कि अनुमति के बिना कोई भी सभा या जुलूस अवैध है, जबकि आयोजक इसे शांतिपूर्ण तिरंगा लहराने का कार्यक्रम बता रहे हैं. अभी तक दोनों नेताओं की रिहाई की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं आई है. घटनाक्रम पर नजर बनी हुई है.

Recent News