झारखंड में वैभव सूर्यवंशी को बड़ा सम्मान, स्वास्थ्य विभाग का ब्रांड एंबेसडर बनाएंगे

Amanat Ansari 30 May 2026 04:11: PM 1 Mins
झारखंड में वैभव सूर्यवंशी को बड़ा सम्मान, स्वास्थ्य विभाग का ब्रांड एंबेसडर बनाएंगे

रांची: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को लेकर महत्वपूर्ण घोषणा की है. मात्र 15 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में धमाल मचाने वाले वैभव को झारखंड स्वास्थ्य विभाग का ब्रांड एंबेसडर बनाया जाएगा. साथ ही उन्हें राज्य में विशेष सम्मान भी दिया जाएगा. डॉ. अंसारी ने वैभव की तारीफ करते हुए कहा कि क्रिकेटर ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और अद्भुत आत्मविश्वास से पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा है.

उन्होंने कहा कि टीम मैच नहीं जीत पाई, लेकिन वैभव ने करोड़ों भारतीयों के दिल जरूर जीत लिए. स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ अपनी प्रतिभा नहीं दिखाई, बल्कि बिहार और पूरे देश का नाम रोशन किया है. उन्होंने कहा कि मैं खुद क्रिकेट खेल चुका हूं, इसलिए जानता हूं कि इतनी कम उम्र में बड़े गेंदबाजों का इस तरह मुकाबला करना कितना मुश्किल होता है. वैभव ने जो साहस और परिपक्वता दिखाई है, वह वाकई लाजवाब है.

जल्द बुलाकर किया जाएगा सम्मान

डॉ. अंसारी ने कहा कि वैभव को जल्द ही झारखंड बुलाकर औपचारिक रूप से सम्मानित किया जाएगा. उन्होंने वैभव को मेहनत, अनुशासन और युवा ऊर्जा का प्रतीक बताते हुए कहा कि उनकी सफलता देश भर के लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बनी है.

स्वास्थ्य विभाग अब वैभव के साथ मिलकर युवाओं में फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने का अभियान चलाएगा. मंत्री की इस घोषणा के बाद झारखंड के खेल प्रेमी और युवा वर्ग में काफी उत्साह देखा जा रहा है. लोग वैभव की उपलब्धियों पर खुशी जता रहे हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं.

Vaibhav Suryavanshi News Vaibhav Suryavanshi Brand Ambassador Health Minister Dr. Irfan Ansari

Recent News