सना: यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने सोमवार को रेड सी में सऊदी अरब की सैन्य लैंडिंग शिप और उसकी चार एस्कॉर्ट नावों पर बैलिस्टिक मिसाइल हमला करने का दावा किया है. यह हमला यमन के दक्षिण-पश्चिमी बंदरगाह शहर मोचा के पास किया गया. हूती सैन्य प्रवक्ता यह्या सारी ने कहा कि कई बैलिस्टिक मिसाइलों से यह हमला सीधा और सटीक था.
उनके अनुसार लैंडिंग शिप में आग लग गई, जबकि कुछ साथ वाली नावें डूब गईं और बाकी में भी आग लग गई. उन्होंने एक अलग बयान में दावा किया कि हूती बलों ने यमन के उत्तर-पूर्वी मरीब प्रांत में स्थित साहन अल-जिन शिविर में सऊदी सेना के हथियार डिपो पर भी कई ड्रोन से हमला किया, जिससे वहां आग लग गई. ये दावे हूती हमलों में बढ़ोतरी के बीच आए हैं. हूती यमन सरकार के नियंत्रण वाले क्षेत्रों और सऊदी अरब से जुड़े ठिकानों पर हमले बढ़ा रहे हैं.
मोचा बंदरगाह बाब अल-मंदब जलडमरूमध्य के पास स्थित है, जो रेड सी को अदन की खाड़ी से जोड़ता है और दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक है. 9 अगस्त से मोचा और आसपास के इलाकों में बार-बार हूती हमलों की खबरें आ रही हैं, जिनमें बंदरगाह के बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है और शिपिंग संचालन प्रभावित हुआ है.
हूतियों का कहना है कि वे सऊदी सैन्य गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं और जमीन व समुद्र दोनों जगह सऊदी बलों को निशाना बनाते रहेंगे. उन्होंने इसे सऊदी अरब के खिलाफ “सिज फॉर सिज” (घेराबंदी के बदले घेराबंदी) नीति का हिस्सा बताया है.