डीजे बंद होने की बात पर बौखलाया साला, अपनों को ही कार से कुचला, ताऊ-चाचा-मौसा की मौत

Amanat Ansari 04 Dec 2025 10:18: PM 1 Mins
डीजे बंद होने की बात पर बौखलाया साला, अपनों को ही कार से कुचला, ताऊ-चाचा-मौसा की मौत

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के कासगंज में एक शादी खुशी के माहौल में अचानक खौफनाक मंजर बन गई. डीजे बंद कराने की बात पर दूल्हे का चचेरा साला इतना आगबबूला हो गया कि उसने अपनी कार से अपने ही रिश्तेदारों को रौंद डाला. तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, दो गंभीर रूप से जख्मी हैं.

बुधवार-गुरुवार की रात करीब 3 बजे कादरगंज रोड पर स्थित जेडएस पैलेस के बाहर यह दिल दहला देने वाली घटना हुई. गंजडुंडवारा के नगला मंशा निवासी विकास यादव (सपा यूथ ब्रिगेड के जिला उपाध्यक्ष) की बारात फर्रुखाबाद से आई थी. रात भर डांस-मस्ती चली, लेकिन जैसे ही दूल्हे के परिजनों ने डीजे बंद करवाया, एटा निवासी चचेरा साला कौशल यादव भड़क उठा.

पहले गाली-गलौच, फिर हाथापाई. कौशल अपने पिता के साथ बाहर निकला. मनाने आए रिश्तेदारों से बात और बिगड़ी. अचानक कौशल अपनी इको कार (UP-87 AQ 9745) में बैठा, पूरा एक्सिलरेटर दबाया और बाहर खड़ी भीड़ पर चढ़ा दिया. एक बार नहीं, रिवर्स करके दो बार और कुचला. एक शख्स कार के बोनट पर चिपक गया और 50 मीटर तक घसीटा गया.

मरने वालों में, सुरेश चंद्र (55) दूल्हे के ताऊ, गिरीश चंद्र (48) दूल्हे के चाचा, ब्रजेश (42) दूल्हे के मौसा (बदायूं), शामिल हैं. दो अन्य बाराती गंभीर रूप से घायल हैं, उनकी हालत नाजुक बनी हुई है.

गेस्ट हाउस के बाहर लगा CCTV ने पूरी वारदात रिकॉर्ड कर ली. कार के तेजी से आने, लोगों के उछलने और फिर रिवर्स में कुचलने का भयावह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वारदात के बाद कौशल अपने पिता रामचंद्र को कार में बैठाकर मौके से फरार हो गया. पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और कई टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं.

शादी में मौजूद पटियाली की सपा विधायक नादिरा सुलतान भी यह देखकर सन्न रह गईं. पूरा मैरिज लॉन मातम में डूब गया. दुल्हन रोती रही, दूल्हा सदमे में चुप बैठा रहा. सुबह तक गांव के सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गए. पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं और आरोपी की गिरफ्तारी तक छापेमारी जारी है.

Kasganj wedding car crush UP wedding car horror Uttar Pradesh wedding tragedy 2025

Recent News