नई दिल्ली: 47 वर्षीय एक बेरोजगार व्यक्ति को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. इस शख्स ने देश के विभिन्न बड़े सरकारी दफ्तरों, अदालतों और महत्वपूर्ण संस्थानों को बार-बार बम विस्फोट की झूठी धमकियां भेजी थीं.
पुलिस के मुताबिक, श्रीनिवास लुईस नाम के इस व्यक्ति ने एक हजार से ज्यादा फर्जी धमकी भरे ईमेल और मैसेज भेजे. इनमें स्कूलों, हाई कोर्टों और सरकारी कार्यालयों में बम रखे होने या जल्द धमाका होने की बात कही गई थी. सभी धमकियां पूरी तरह मनगढ़ंत थीं, जिनका मकसद सिर्फ लोगों में दहशत और अफरा-तफरी फैलाना था.
आरोपी ने अलग-अलग ईमेल आईडी और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल करके ये संदेश भेजे. धमकियों की वजह से कई जगहों पर सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट रहना पड़ा और अतिरिक्त सुरक्षा के इंतजाम करने पड़े.
जांच में पता चला कि आरोपी लॉ की पढ़ाई कर रहा था, लेकिन वह पूरी नहीं कर पाया. वह लंबे समय से बेरोजगार था और मानसिक तनाव में था. इसी Frustration के चलते वह लगातार सरकारी और न्यायिक संस्थानों को निशाना बनाता रहा.
धमकी वाले ईमेल भेजते समय उसने पाकिस्तान और बलूचिस्तान से जुड़े नामों का भी इस्तेमाल किया, ताकि जांच एजेंसियां गुमराह हों और मामला अंतरराष्ट्रीय साजिश जैसा लगे.
पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह व्यक्ति अकेला था या किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा है. आरोपी को कर्नाटक के मैसूर से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाया गया है. उससे पूछताछ जारी है और उसके इस्तेमाल किए गए सभी डिजिटल उपकरणों तथा मैसेज की गहन जांच की जा रही है.
दिल्ली पुलिस ने साफ कहा है कि ऐसी फर्जी बम धमकियों को बहुत गंभीरता से लिया जाता है और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.