नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच बसपा प्रमुख मायावती ने साफ संदेश दे दिया है कि पार्टी के उम्मीदवारों का अंतिम फैसला सिर्फ उन्हीं के हाथ में रहेगा. उन्होंने सोशल मीडिया पर फैली उन खबरों को खारिज कर दिया, जिनमें कहा जा रहा था कि टिकट वितरण का जिम्मा उनके भतीजे आकाश आनंद को सौंप दिया गया है.
चार बार की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश में जहां भी विधानसभा या लोकसभा चुनाव होते हैं, वहां उम्मीदवारों को अंतिम रूप मैं ही देती हूं. उन्होंने बताया कि लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में कई बैठकें कर राज्य और मंडलीय स्तर पर उम्मीदवारों के नाम तय करने के निर्देश दिए गए हैं. मायावती ने दावा किया कि उन्होंने दो दर्जन उम्मीदवारों से बातचीत कर उनके नामों को अंतिम रूप दे दिया है.
आकाश आनंद क्या करेंगे?
मायावती ने स्पष्ट किया कि आकाश आनंद टिकटों का फैसला नहीं करेंगे. उन्होंने लिखा कि जिन सीटों पर उम्मीदवार तय हो चुके हैं, उनकी घोषणा पार्टी के वरिष्ठ नेता उनकी अनुमति से जनसभाओं में कर रहे हैं. इसी प्रक्रिया के तहत आकाश आनंद भी कुछ सीटों के लिए घोषणा करेंगे, लेकिन वे नाम वही होंगे जिन्हें मायावती ने पहले मंजूरी दी होगी.
'कैश फॉर टिकट' विवाद के बाद सख्त रुख
यह बयान उस विवाद के करीब एक महीने बाद आया है, जिसमें बसपा पर टिकट के बदले पैसे लेने के आरोप लगे थे. एक मीडिया स्टिंग में कथित तौर पर पार्टी पदाधिकारियों को विधानसभा टिकट के लिए 3.35 से 3.5 करोड़ रुपए और मायावती से मुलाकात के लिए 5 लाख रुपए मांगते दिखाया गया था. मायावती ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया था.