कबड्डी प्लेयर अनुष्का पाल की हत्या पर भड़कीं मायावती, बोलीं- दोषियों को सख्त सजा दो

Amanat Ansari 02 Jun 2026 05:19: PM 1 Mins
कबड्डी प्लेयर अनुष्का पाल की हत्या पर भड़कीं मायावती, बोलीं- दोषियों को सख्त सजा दो

लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने मेरठ में राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का पाल की निर्मम हत्या पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और समाज के लिए झकझोर देने वाला बताया.

मायावती ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर जारी बयान में कहा कि बदमाशों द्वारा की गई यह हत्या अत्यंत निंदनीय है. उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार से मांग की कि इस जघन्य अपराध में शामिल सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाएं न दोहराई जाएं.

हत्या का मामला

17 वर्षीय अनुष्का पाल सरधना क्षेत्र के चिरोड़ी गांव की रहने वाली थीं. वह मेरठ के कंकरखेड़ा इलाके में किराए के मकान पर रहकर पढ़ाई के साथ-साथ कबड्डी का अभ्यास कर रही थीं. हाल ही में उन्होंने एक प्रतियोगिता में पुरस्कार राशि भी जीती थी. पुलिस ने सोमवार को इस मामले में फास्ट फूड विक्रेता श्याम धानक को गिरफ्तार किया. आरोपी की निशानदेही पर लगभग डेढ़ महीने बाद नाले से अनुष्का का शव बरामद किया गया. शव की हालत खराब होने के कारण पहचान के लिए डीएनए टेस्ट कराया जाएगा.

कैसे पकड़ा गया आरोपी?

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय के अनुसार, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस की जांच आरोपी श्याम धानक तक पहुंची. श्याम मूल रूप से देहरादून का रहने वाला है. घटना के बाद वह चंडीगढ़ भाग गया था, जहां से उसे गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में उसने अपराध कबूल लिया है.

घटना की वजह

पुलिस जांच के मुताबिक, अनुष्का की आरोपी की दुकान पर कुछ पैसे बकाया थे. 15 अप्रैल की रात दोनों के बीच पैसे को लेकर विवाद हो गया. इसी दौरान आरोपी ने गुस्से में अनुष्का के सिर पर ईंट मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई. बाद में आरोपी ने शव को बोरे में भरकर रोहटा रोड स्थित नाले में फेंक दिया और फरार हो गया. यह घटना पूरे मेरठ जिले में सनसनी फैलाने वाली रही है.

Anushka Pal Murder BSP Supremo Mayawati Player Anushka Pal

Recent News