मिर्जापुर : उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में शनिवार को दिनदहाड़े अधिवक्ता की हत्या के आरोपी को शाम तक योगी आदित्यनाथ की पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले अधिवक्ता की देशी तमंचे से फिल्मी स्टाइल में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसका सीसीटीवी फुटेज सामने आया था। विंध्याचल थाना क्षेत्र के देवरी गांव निवासी पूर्व प्रधान व अधिवक्ता राजीव सिंह उर्फ रिंकू (40) शहर के कटरा कोतवाली क्षेत्र स्थित सद्भावना नगर कॉलोनी में रह रहे थे। रोज की तरह शनिवार सुबह टहलकर घर वापस लौट रहे थे, तभी सद्भावना नगर चौराहे के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। एक हमलावर ने नजदीक से देशी कट्टे से सीने में गोली मार दी और दोनों मौके से फरार हो गए।
खूब वायरल हुआ वीडियो
स्थानीय लोगों ने घायल अधिवक्ता को मंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात का पूरा घटनाक्रम पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जिसमें एक आरोपी फायरिंग करता और दूसरा बाइक स्टार्ट करते दिख रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश कारण बनी। मृतक और आरोपियों के बीच पहले से विवाद चल रहा था।
शाम को पुलिस मुठभेड़, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
इसी बीच पुलिस को बड़ी सफलता तब मिली जब मुख्य आरोपी राजेन्द्र सोनकर को पीएसी के पास मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को पकड़ने के लिए घेराबंदी की गई थी। खुद को घिरता देख उसने फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की और उसे घायल अवस्था में दबोच लिया।
घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद
घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जबकि उसके कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। एसपी सिटी ने बताया कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और बाकी आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।मामले में कठोर कार्रवाई की जाएगी।